हत्या के आरोपित घूम रहे सरेआम, परिजनों ने लगाई गुहार

#परवेज़ अख्तर/सिवान:
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के विदुरती हाता टड़ंवा गांव निवासी राजा शर्मा का हत्या करने वाले सरेआम घूम रहे हैं और पुलिस इनकी गिरफ्तारी नहीं कर रही है। पुलिस पर यह आरोप मृतक के भाई धर्मेंद्र शर्मा ने लगाया है। आरोपितों की गिरफ्तारी थानाध्यक्ष द्वारा नहीं किए जाने पर पीड़ित ने सोमवार को एसपी नवीन चंद्र झा के समक्ष पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई है। एसपी ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन पीड़ित को दिया है। पीड़ित धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि उसने आरोपितों की गिरफ्तारी करने के लिए मुफ्फसिल थाना में कई बार पुलिस पदाधिकारियों से गुहार लगाई लेकिन सबने मामले में सिर्फ आश्वासन देकर टालमटोल किया। ऐसे में जब हत्या के मामले में नामजद प्राथमिकी होने के बाद भी पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो आम जनता का पुलिस के प्रति विश्वास उठने लगाता है। मृतक के भाई धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि मेरा छोटा भाई राजा शर्मा (22) जो छह मई की देर संध्या बाइक पर सवार होकर यह कह कर निकला कि गांव के नट लोगों के मोहल्ले के लोग टीवी बनाने के लिए बुला रहे हैं। मैं वहीं जा रहा हूं और मेरा भाई जैसे ही घर से निकला कि मात्र आधे घंटे के अंदर ग्रामीणों द्वारा सूचना मिली कि राजा की हत्या कर उसके शव को प्रतीक एजेंसी के बगल में 12 बिगहवा खेत के समीप सड़क के किनारे फेंका गया है। मृतक के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि मुझे पूर्ण रूप से विश्वास है कि जिन लोगों ने मेरे भाई को टीवी बनाने के लिए बुलाया है उन्हीं लोगों द्वारा एक षड्यंत्र तथा साजिश के तहत मेरे भाई की निर्मम हत्या कर उसके शव को उक्त स्थान पर फेंका गया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों द्वारा हत्या को दुर्घटना में बदलने के लिए उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसका खुलासा तब हुआ कि जब क्षतिग्रस्त बाइक को देखा गया तो हैंडिल लॉक था। तब यह स्पष्ट हुआ कि यह दुर्घटना घटी नहीं है बल्कि एक साजिश के तहत हत्या कर शव को फेंक दिया गया है।
मृतक के भाई के बयान पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी :
मृतक राजा शर्मा के फर्द बयान के आधार पर पुलिस ने एक नामजद प्राथमिकी दर्ज की थी। जिसमें टड़ंवा निवासी गुड्डू नट,बबलू नट, डिस्को मियां, जितेंद्र यादव, मंजल यादव समेत एक अन्य अज्ञात को नामजद अभियुक्त बनाया था।
एक पखवारे बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं :
राजा हत्या कांड में पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची है। पुलिस घटना के एक पखवारे बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी भी नामजद आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
परिजनों ने लीपापोती का लगाया आरोप :
पुलिस की इस कार्यशैली को देखते हुए परिजनों ने पुलिस द्वारा लीपापोती करने का आरोप भी लगाया है। परिजनों का कहना है कि घटना के एक पखवारा बीत गए लेकिन पुलिस आज तक आरोपितों की गिरफ्तारी तो दूर छापेमारी तक नहीं की। जिस कारण कांड के सभी नामजद आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं।
आरोपितों के खुलआम घूमने से परिजनों की बढ़ी बेचैनी :
राजा हत्याकांड के सभी नामजद आरोपितों के खुलेआम घूमने से परिजनों की बेचैनी बढ़ गई है। परिजन पुन: दूसरी घटना की आशंका जता रहे हैं। आए दिन परिजनों के दरवाजे के सामने कांड के आरोपित खुलेआम रास्ते से गुजरते हैं।
—————-