छपरा /सारण (14 नवम्बर, 2019) । विभिन्न अवसरों को जनहित में उपयोग करने वाले सारण के सांसद सह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी शुक्रवार को विश्वविख्यात सोनपुर मेले में सारण जिला परिषद की आहूत की गई विशेष बैठक में सम्मिलित होंगे। बैठक में सांसद की विशेष सहभागिता होगी। इस संदर्भ में सांसद ने बताया कि चाहे कोई भी अवसर हो उस अवसर को जनहित में उपयोग किया जा सकता है। मेरा प्रयास सदैव रहा है और आगे भी जारी रहेगा कि हर मौके का किसी न किसी रूप में जनता के फायदे के लिए उसमें से तथ्य और तत्व निकाले जायें। बैठक में जिला परिषद के अधिकारिता संबंधी सभी विभागों की समीक्षा, मनरेगा की योजनाओं के कार्यान्वयन संबंधी दिशा निर्देश, परिषद के अधिन खाली पड़े जमीन को अतिक्रमण मुक्त कर उसका सदुपयोग के साथ ही बैंको से संबंधित विषयों पर चर्चा होगी व निर्णय लिये जायेंगे। बैठक में विधायक, जिला परिषद के सदस्यों के साथ जिलाधिकारी व उप विकास आयुक्त समेत प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

बैठक के पश्चात सांसद श्री रुडी भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय के अधीन क्षेत्रीय आउटरीच ब्यूरो, पटना के कठोर परिश्रम और साहसिक निर्णयों के परिणाम, विषय परमल्टी मीडिया डिजिटल चित्र प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। विदित हो कि क्षेत्री आउटरीच ब्यूरो केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन है। यह केंद्र सरकार की विभिनन आउटरीच गतिविधियों एवं विकास संचार जरूरतों की देखभाल करता है। इसके तहत ब्यूरो विभिन्न जगहों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रतियोगिता, रैली, सांस्कृतिक कार्यक्रम आदि का आयोजन कर लोगों के बीच जागरूकता पैदा करता है।

सांसद श्री रुडी का यह निरंतर प्रयास रहा है कि स्वर्णिम इतिहास, समृद्ध परंपरा और गौरवपूर्ण भारतीय संस्कृति के संवाहक हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले का पारंपरिक स्वरूप को बरकरार रखते हुए आधुनिक स्वरूप प्रदान किया जाय। इसी संदर्भ में श्री रुडी ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के पूर्व सोनपुर मेले का उद्घाटन हुआ जिस दिन मैने इसे आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की बात कही थी। यह एक ऐतिहासिक और पौराणिक मेला है जो धर्म और आस्था से जुड़ा है। साथ ही इसका जिक्र प्राचीन भारतीय ग्रंथ में भी मिलता है इसलिए यह एक अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह सिर्फ व्यावसाईक केंद्र के रूप में नही है बल्कि सामान्य पर्यटन और धार्मिक पर्यटन केंद्र भी है। ऐसी स्थिति में जिला परिषद की बैठक में प्रमुख रूप से यह मुद्दा रहेगा कि मेले को विश्व स्तर का स्वरूप प्रदान किया जाय। आधुनिक सुविधा यहां आने वाले पर्यटकों को दिया जाय और साथ ही इसकी जो परंपरागत खुबसुरती है उसको कायम रखा जाय।