निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं-उपमुख्यमंत्री

सोनपुर। सोनपुर प्रखंड अंतर्गत सबलपुर पंचायत में गंगा नदी के तीव्र कटाव एवं बचाव कार्यों की वर्तमान स्थिति को लेकर रिंग बांध निर्माण संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से पटना में जाकर सोमवार क़ो मिला। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर सबलपुर में चल रहे कटावरोधी बोल्डर पिचिंग कार्य की धीमी प्रगति से अवगत कराया तथा तत्काल युद्धस्तर पर फ्लड फाइटिंग कार्य प्रारंभ कराने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अवगत कराया कि स्वीकृत 16 लूपों में से वर्तमान में मात्र 6 लूपों पर ही कार्य चल रहा है। स्थल पर आवश्यक मशीनरी, नावों एवं श्रमिकों की कमी के कारण कार्य की गति अत्यंत धीमी है। गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से मेगा जियो बैगों के ऊपर लगभग 8 से 10 फीट तक पानी भर जाने के कारण सामान्य बोल्डर पिचिंग कार्य प्रभावित हो गया है। ऐसी स्थिति में तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य प्रारंभ करना अत्यावश्यक है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संवेदक द्वारा विभागीय अभियंताओं के तकनीकी निर्देशों की उपेक्षा कर मनमाने ढंग से कार्य किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित मुख्य अभियंता को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री के सकारात्मक एवं संवेदनशील रुख के प्रति आभार व्यक्त करते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की आशा जताई।
प्रतिनिधिमंडल में समिति के अध्यक्ष धर्मेन्द्र राय, उपाध्यक्ष अविनाश कुमार शर्मा, मुखिया दिनेश राय, मुखिया त्रिभुवन राय,पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अखिलेश राय शामिल थे।