
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। प्रखंड के हसनपुरा पंचायत अंतर्गत सयखरौनी गांव में सोमवार को एक दिवसीय निःशुल्क फिजियोथेरपी शिविर का आयोजन किया गया। स्थानीय निवासी एवं पेंशनर समाज के प्रखंड अध्यक्ष धर्मनाथ सिंह उर्फ भोला सिंह के आवासीय परिसर में आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया और निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श एवं फिजियोथेरपी सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर का मुख्य उद्देश्य उन जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाना था जो शारीरिक समस्याओं से जूझ रहे हैं लेकिन उचित उपचार से वंचित हैं। शिविर का संचालन डॉ. निशान्धिता राज द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि इस शिविर में मुख्य रूप से जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव और अन्य शारीरिक कष्टों से जूझ रहे मरीज पहुंचे थे। डॉ. निशान्धिता राज ने बताया कि फिजियोथेरेपी एक ऐसी विधा है जिसमें बिना सर्जरी और बिना महंगी दवाओं के केवल विशिष्ट व्यायाम और तकनीकों के माध्यम से उपचार किया जाता है। शिविर में आए सभी मरीजों को व्यक्तिगत रूप से परामर्श दिया गया और उन्हें उनकी स्थिति के अनुरूप फिजियोथेरपी की सुविधा प्रदान की गई।आयोजक धर्मनाथ सिंह ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर समाज के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने जोर दिया कि चिकित्सा जैसे सेवाभावी क्षेत्रों में मानवीय संवेदनाओं का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा, “डॉक्टरी पेशा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि एक धर्म है। यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद को इलाज से वंचित न रहना पड़े।”क्षेत्र के लोगों ने इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे जन-कल्याणकारी शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई। इस मौके पर पैक्स अध्यक्ष पवन कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में स्थानीय प्रबुद्ध जन और ग्रामीण उपस्थित रहे।




Recent Comments