नगरा।प्रखंड क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरा में सोमवार को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत निश्चय पोषण योजना के तहत टीबी मुक्त अभियान को लेकर नौ टीबी मरीजों को गोद लिया गया. इस पहल का उद्देश्य टीबी मरीजों को नियमित उपचार के साथ-साथ पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें जल्द स्वस्थ होने में मदद करना है.कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. देवेश चंद्र,डॉ.अनु सिंह,हेल्थ मैनेजर कनीज़ फातमा, सोनु सिंह, सुजीत जायसवाल,विकास श्रीवास्तव, अनिल कुमार, चितरंजन कुमार एवं बीरबल कुमार ने एक-एक टीबी मरीज को गोद लिया.वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुभव कुमार एवं प्रखंड के अन्य अधिकारी इस अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए मरीजों को सहयोग का भरोसा दिया.इस अवसर पर चिकित्सा प्रभारी डॉ. देवेश चंद्र ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से इलाज योग्य बीमारी है.समय पर जांच,नियमित दवा और पौष्टिक आहार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं.उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने और मरीजों के प्रति भेदभाव नहीं करने की अपील की.स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि निक्षय मित्र पहल के तहत गोद लिए गए मरीजों को समय-समय पर पोषण सहायता,आवश्यक सहयोग और मानसिक संबल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बिना उपचार छोड़े निर्धारित अवधि तक दवा लेते रहें और जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को गति मिल सके.