परवेज अख्तर/सीवान। भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के मलमलिया-महम्मदपुर रोड में स्थित पावर ग्रिड के समीप गुरुवार की देर रात दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक का पहिया खोल रहे बदमाशों व पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दो सगी बहनें गोली लगने से घायल हो गई। स्थानीय लोगों व स्वजनों की मदद से दोनों घायल बहनों को इलाज के लिए बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। घायलों की पहचान वकील पंडित की पुत्री नीतू कुमारी (20 वर्ष) व अंजू कुमारी (18 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों बहनों के जांघ में गोली लगी है। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को एक पिस्टल, एक कट्टा, दो गोली के साथ गिरफ्तार कर लिया। जबकि घटनास्थल से पांच खोखा बरामद किया है।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि पिकअप और चार पहिया वाहन से आए बदमाश गुरुवार की देर रात पूर्व से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्रक में जक के माध्यम से पिछला पहिया खोल रहे थे। पहिया खोलने के दौरान हो रही आवाज को सुनकर अगल-बगल के लोगों की नींद खुली तो उनलोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाना की पुलिस को दी। रात करीब दो बजे बसंतपुर थाने की डायल 112 की टीम के पहुंचते हीं पहिया खोल रहे बदमाशों ने गाेली फायर कर दी। वहीं जवाबी कार्रवाई में पुलिस टीम द्वारा भी गोली चलाई, इस दौरान बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। वहीं घटना के दौरान गोली चलने की आवाज सुनकर वकील पंडित की दोनों पुत्रियां घर के दरवाजे पर आ गई। दोनों तरफ से लगातार हो रही फायरिंग के क्रम में दोनों बहनों को गाेली लग गई, जिससे वे घायल हो गई।




Recent Comments