सीवान :नकदी न मिलने पर चोरों ने की वाहन एजेंसी में तोड़फोड़, एक गिरफ्तार
#न्यूज़ इनपुट -परवेज अख्तर 
 पचरूखी (सिवान) : 
सोमवार की रात अशोक लीलैंड की जसौली में स्थित एजेंसी में चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान फर्नीचर, खिड़की और दरवाजों समेत लाखों रुपये की संपत्ति को तोड़ डाला। इनमें गार्ड ने एक को किसी तरह से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बताया गया कि सोमवार की रात करीब दो बजे दर्जन भर चोर एजेंसी में घुस आए और ऊपरी तल्ले पर चढ़ गए। इस दौरान चोरों ने नकद की तलाश की, क्योंकि चोर एजेंसी में मौजूद फर्नीचर और ड्रॉवर के साथ काफी छेड़छाड़ की। नकद नहीं मिलने पर एक मॉनिटर उठा ले गए। जब गार्ड को इस 
बात की भनक लगी तो उसने घेराबंदी के लिए मैनेजर और अन्य गार्डों को बुला लिया। इस क्रम में अन्य चोर खिड़की के शीशे तोड़ कर भाग निकले, जबकि एक चोर को गार्ड ने पकड़ लिया। प्रबंधक रोहित कुमार ने बताया कि चोरों को नकद रखे होने का अनुमान था, जिसे चुराने के उद्देश्य से आए थे। कैश नहीं मिलने के कारण उत्पात मचाने लगे। जब तक गार्ड ने सूचना दी तो हमलोगों ने दौड़कर एक चोर को पकड़ लिया। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया युवक जसौली निवासी शैलेंद्र सिंह है। उससे पूछताछ की जा रही है।