सीवान जदयू का प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन 26 एवं 27 को
#न्यूज़ इनपुट -परवेज़ अख्तर

सिवान :
जदयू जिलाध्यक्ष इंद्रदेव सिंह पटेल ने बताया कि आगामी 26 एवं 27 दिसंबर को जिले के 19 प्रखंडों में कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा। प्रदेश नेतृत्व के आदेश पर इसको दो दिनों में पूरा करना है और पार्टी की नीतियों के बारे में कार्यकर्ताओं को बताना है। इसके लिए 26 दिसंबर को 10 एवं 27 दिसंबर को नौ प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा। पटेल शुक्रवार को पार्टी के जिला कार्यालय में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से सरकार के कार्यों को विस्तारपूर्वक कार्यकर्ताओं को बताना है। इसके लिए प्रत्येक प्रखंडों में संगठन प्रभारी एवं वक्ताओं का भी चयन किया गया है, जिसमें विधायक, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष एवं राज्य परिषद के सदस्य को शामिल किया गया है। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य दहेज, शराब, बाल विवाह पर रोकथाम एवं सात निश्चय जैसे जनोपयोगी कार्य के बारे में कार्यकर्ताओं को बताना है।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष मुर्तुजा अली कैसर, जिला प्रवक्ता निकेशचंद्र तिवारी, युवा जिलाध्यक्ष मुन्ना सिंह, महादलित जिलाध्यक्ष नंदलाल राम,
जिला महासचिव लालबाबू प्रसाद, पार्टी नेता जयनाथ ठाकुर, अभिषेक कुमार उर्फ बंटी, प्रदीप मांझी, सुनील पटेल आदि उपस्थित थे।
उन्होंने बताया कि 26 दिसंबर को गोरेयाकोठी में कोकिलहाता, बसंतपुर में गांधी आश्रम, लकड़ी नबीगंज में गंडक कार्यालय के पास, पचरुखी में चीनी मिल परिसर, हुसैनगंज में प्रखंड परिसर, सिसवन में विवाह भवन मेंहदार, आंदर में पार्वती मैरेज हाल, दरौली में डाक बंगला, गुठनी में गांधी आश्रम मठिया के बगल में, मैरवा में नगर धर्मशाला तथा 27 दिसंबर को भगवानपुर में जगरनाथ दास के मठिया, महाराजगंज में धोबवालिया कोठी बाजार, दारौंदा में प्रखंड परिसर, हसनपुरा में उच्च विद्यालय सहुली, रघुनाथपुर में प्रखंड परिसर, जीरादेई में सामुदायिक भवन तितरा, नौतन में शांति ज्ञान निकेतन, सिवान में जेआरएस इंटर कॉलेज एवं बड़हरिया में प्रखंड परिसर में कार्यकर्ता सम्मेलन होगा।
–
दो प्रखंडों का दिया गया है जिम्मेदारी
प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के लिए विधायक एवं पार्टी के पदाधिकारियों का 10 सदस्यीय वक्ताओं का चयन किया गया है।
एक वक्ता के जिम्मे उनके गृह प्रखंड को छोड़ कर दो प्रखंड दिए गए हैं। बड़हरिया विधायक श्यामबहादुर सिंह, दारौंदा की कविता सिंह, जीरादेई के रमेश कुशवाहा, महाराजगंज के विधायक हेमनारायण साह, जिलाध्यक्ष इंद्रदेव सिंह पटेल, मुर्तुजा अली कैसर, टुनटुन प्रसाद, अनिता कुशवाहा, अशरफ अंसारी एवं सैयद नजमुल होंदा मुख्य वक्ता हैं।




Recent Comments