सीएसपी संचालक से हुये साढ़े आठ लाख लूट कांड का पुलिस ने किया भंडाफोड़

#तीन लूटेरों को लूट के एक लाख 54 हजार रुपये सहित किया गिरफ्तार

परवेज़ अख्तर/सीवान :जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सीवान-लकड़ी मुख्य पथ के बलेथा बालचन्दहाता गांव के समीप 27 जून को सीएसपी संचालक से हुये करीब साढ़े आठ लाख रुपये लूटकांड का पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है.पुलिस ने इस मामलें में तीन अपराधियों को लूट के एक लाख 54 हजार रुपये सहित गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा व चार जिंदा गोली भी बरामद किया है.पकड़े गये अपराधियों में नगर थाने के फतेपुर बाइपास रोड निवासी विजय कुमार गुप्ता का पुत्र रोहित कुमार,मुफस्सिल थाने के भदा खुर्द निवासी स्व. नंद जी चौधरी का पुत्र रमेश कुमार यादव तथा सराय ओपी थाने के मखदुम सराय निवासी चंद्रमा पंडित का पुत्र नन्हें कुमार शामिल है.पकड़े गये सभी अपराधी कुछ माह पहले ही सीवान जेल से जमानत पर छुट कर बाहर निकले हैं.पुलिस अधीक्षक नवीन चंद्र झा ने बताया कि 27 जून को अपराधियों ने दिनदहाड़े हथियार के बल पर मर्दापुर पुर्व टोला निवासी एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक बीरेश सिंह के पुत्र तारकेश्वर सिंह से बाइक पर सवा तीन अपराधियों ने साढ़े आठ लाख रुपये लिया था. उन्होंने बताया कि घटना के बाद एक टीम का गठन किया गया. इसमें मुफस्सिल प्रभाग के इंस्पेक्टर अनिरुद्ध प्रसाद,मुफस्सिल थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार,महादेवा ओपी प्रभारी पंकज ठाकुर,एससी एसटी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह,मुफस्सिल थाने के पुअनि राम विचार राम शामिल थे. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने इस मामलें का पुर्ण रुप से भंडाफोड़ कर दिया है. इसमें करीब सात अपराधी शामिल थे. तीन अपराधियों को गिरफतार कर लिया गया है. चार अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गयी है. उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधियों का पहले से अपराधिक इतिहास रहा है. रमेश कुमार यादव के खिलाफ जीरादेई थाने लूट के दौरान हत्या का मामला कांड संख्या 39/16,51/16 तथा मुफस्सिल थाने में कांड संख्या 301/12 दर्ज है. वहीं रोहित कुमार के खिलाफ नगर थाने में एक हत्या का मुकदमा कांड संख्या 345/ 17 दर्ज है. वहीं नन्हें के खिलाफ गोपालगंज के मीरगंज थाने में कए उत्पाद अधिनियम का मामला दर्ज है. उन्होंने बताया कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है.