संकुल संसाधन केन्द्रों पर उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य प्रारंभ
रिपोर्ट -परवेज अख्तर

जीरादेई-:- बीईओ शमसी अहमद खां के निर्देशन में प्रखण्ड के सभी संकुल संसाधन केंद्रों पर उत्तर-पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य सोमवार से प्रारंभ कर दिया गया है। इस बात की पुष्टि बलईपुर संकुल के सीआरसीसी प्रकाश कुमार ने की। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक उत्तर-पुस्तिकाओं की जांच, मूल्यांकन पंजी संधारण, प्रतिवेदन तैयार करना एवं प्रगति प्रपत्र वितरण का कार्य पूरा करने का निर्देश प्राप्त हैं। इस कार्य की पूर्ति के लिए संकुल संसाधन केन्द्र बलईपुर में 32 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रतिनियुक्त किया गया है। बता दें कि इस संकुल में वर्ग एक में 200, वर्ग दो में 270, वर्ग तीन में 289, वर्ग चार में 265, वर्ग पांच में 276, वर्ग छ में 238, वर्ग सात में 251, एवं वर्ग आठ में 274 बच्चें वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा में सम्मलित हुए हैं। पहले दिन वीक्षकों को मूल्यांकन के तौर तरीके बताएं गये। इसके अलावा मूल्यांकन के दौरान पूरी सावधानी बरतने के भी निर्देश दिए गए। सीआरसीसी ने बताया कि विभागीय निर्देशानुसार मूल्यांकन के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं को किसी भी प्रकार का अवकाश देय नहीं होगा।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पश्चात सभी संकुल संसाधन केंद्रों पर ग्रेडिंग का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इस बावत 81 से 100 अंक लाने वाले बच्चों को ए ग्रेड दिया जाएगा. इसी प्रकार 61 से 80 वाले को बी ग्रेड, 41से 60 वाले को सी ग्रेड, 40 से 33 वाले को डी ग्रेड और 0 से 32 अंक लाने वाले को इ ग्रेड दिया जाएगा। उत्तर- पुस्तिकाओं के जांच व संबंधित कार्यों के लिए तेरह दिनों का समय निर्धारित किया गया है। मूल्यांकन कार्य का समापन 31 मार्च को किया जाएगा। तत्पश्चात परीक्षाफल प्रकाशन के बाद प्रखंड के सभी प्रारंभिक विद्यालयों में शिक्षक-अभिभावक बैठक आहूत कर बच्चों की प्रगति की जानकारी दी जायेगी।