
दैनिक खोज खबर/तरैया,(सारण)। प्रखण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से शुक्रवार को मुहर्रम का ताजिया जुलूस पारंपरिक अकीदत और श्रद्धा के साथ निकाला गया, जो कि पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। जुलूस को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी। मढ़ौरा डीसीएलआर धनंजय त्रिपाठी, तरैया बीडीओ विभु विवेक, सीओं पंकज कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष धीरज कुमार खुद दल-बल के साथ तरैया पोस्ट ऑफिस चौक पर मुस्तैदी से डटे रहे। थाना क्षेत्र के सभी लाइसेंसधारी ताजिया जुलूसों एवं आयोजकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिया गया था कि जुलूस निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही निकाला जाएगा। बिना लाइसेंस के ताजिया जुलूस पर सख्त निगरानी रखी जा रही थी और विधि-व्यवस्था भंग करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश पहले ही जारी किये गये थे। तरैया, शाहनेवाजपुर, चैनपुर खराटी, सिरमी-शितलपट्टी, अंधरबाड़ी, समेत कई गांवों से ताजिया जुलूस पोस्ट ऑफिस चौक पहुंचा, जहां ताजिया मिलान और युवकों द्वारा गदका, तलवार और लाठी से करतब प्रदर्शन किया गया। इस दृश्य को देखने के लिए हजारों की भीड़ चौक पर जमा हुई थी। तरैया क्षेत्र के रसीदपुर, राजधानी, भलुआ, चंचलिया, राजवाड़ा, माधोपुर, मुकुंदपुर, पिपरा, उसरी, पोखरेड़ा, गलिमापुर, नेवारी, नंदनपुर, गवंद्री, डेवढ़ी, महुली सहित कई गांवों से भी परंपरागत जुलूस निकाले गए, जिसमें युवाओं ने जोश और श्रद्धा के साथ भाग लिया।




Recent Comments