सारण :सांसद निधि  से बनेगा छपरा में दिव्यांग शिक्षण – प्रशिक्षण केन्द्र  – रुढी 
⏺️13 अप्रैल को केन्द्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत करेंगे इसका शिलान्यास 
दैनिक खोज खबर ब्यूरो सारण 
 सारण जिले के दिव्यांगों को सशक्त बनाने के लिए तथा उनके शिक्षण व प्रशिक्षण हेतु सांसद निधि से दो करोड़ रुपये की लागत से दिव्यांग शिक्षण – प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना किया जाएगा। उक्त बातें स्थानीय सांसद व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रुढी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और संसाधन के साथ उपलब्ध अवसरों तक पहुचाने की सुलभ व्यवस्था की जायेगी। इन योजनाओं से दिव्यांगों की शारीरिक, समाजिक और मानसिक पुनर्वास की विकलांगता के प्रभाव को कम करने को बढ़ावा दिया जा सकेगा ताकि वे अपने आर्थिक संभावनाओं का विकास कर सके। उन्होंने बताया कि इसके लिए अपने सांसद निधि से दो करोड़ रुपये की राशि का आवंटन किया है। दिव्यांगों के लिए क्षमतानुसार कौशल प्रशिक्षण जैसी योजनाओं के होने के बावजूद जागरूकता के अभाव में दिव्यांग आबादी का एक बड़ा हिस्सा ताउम्र बेरोजगार रह जाता है। श्री रुढी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अगले सात वर्षों में 38 लाख विकलांगों को लक्ष्य बनाकर राष्ट्रीय कौशल नीति पेश की है। इसके तहत 15 से 35 वर्ष की आयु समूह के सभी दिव्यांगों को प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि ऐसे व्यक्ति आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे आ सके। उन्होंने कहा कि 13 अप्रैल को केन्द्रीय मंत्री समाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग थावरचंद गहलोत इसका शिलान्यास करेंगे।