
मांझी(सारण)। प्रखंड के सरयूपार गांव में कोरोना का पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद सारण डीएम सुब्रत कुमार सेन ने 3 किमी. की परिधि में आने वाले गांवों को कंटेंनमेंट जोन घोषित कर दिया है। जिनमें सरयूपार के दक्षिण दिशा में गोबरहीं, उतर में एकमा के भोरहोपुर, पूरब में शीतलपुर व पश्चिम में एकडेंगवा गांव शामिल हैं। उसके बाद 7 किमी. एरिया को बफर जोन घोषित कर दिया है। कंटेंमेंट जोन के अंदर किसी भी व्यक्ति की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इसके अंदर से न तो कोई बाहर जा सकता है और बाहर से अंदर आ सकता है। मंगलवार को बीडीओ नील कमल, सीओ दिलीप कुमार व दाउदपुर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी द्वारा स्थानीय मुखिया व वार्ड सदस्यों की मदद से इस एरिया को सड़क पर बांस व पेड़ की डाली आदि रख कर पूरी तरह सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई टीम द्वारा घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जा रही है।डीएम ने सदर छपरा एसडीओ, एसडीपीओ द्वारा अपने स्तर से आवश्यक प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया है। सरयू पार में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जाने के बाद पड़ोस के एकमा ताजपुर दाउदपुर तथा कटोखर बाजारों पर खरीददारी को आये लोगों के माथे पर दहशत का मंजर साफ दिख रहा है। इस बीच आसपास के गांवों में परदेशियों के पहुंचने की सूचना से लोग लगातार प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों खासकर स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मियों को अवगत करा रहे हैं। उधर कल शाम मांझी पीएचसी की जांच टीम ने धर्मपुरा के तीन तथा धनी छपरा के एक ब्यक्ति की स्वास्थ्य जांच की। उन चारों में कोरोना संक्रमण जैसा कोई लक्षण नही पाया गया।




Recent Comments