शहादत दिवस पर याद किये गए स्वतंत्रता सेनानी शहीद बाबू रामजीवन सिंह

मढ़ौरा(सारण)। वुधवार को अगस्त क्रांति के दौरान मढ़ौरा के स्वतंत्रता सेनानी व अमर शहीद बाबू रामजीवन सिंह की शहादत दिवस पर मढ़ौरा बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल समेत कई लोगों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर शहीद के प्रति श्रद्धा प्रकट की औऱ लोगों ने दो मिनट का मौन रख अमरत्व प्राप्त शहीद बाबू रामजीवन सिंह को श्रद्धा पूर्वक याद किया। जैसा कि विदित है कि 18 अगस्त 1942 को मढ़ौरा के मेहता गाछी‌ की सभा मे गोरा गोलीकांड की घटना में स्थानीय प्रखंड के लेरुआ गांव निवासी रामजीवन सिंह शहीद हो गए थे।शहीद राजजीवन सिंह को उनकी शहादत दिवस पर मढ़ौरा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, कांग्रेज नेता व जिला महासचिव लालबाबू गिरि, मनोज राय, बच्चा सिंह,फजलू रहमान समेत एक दर्जत से अधिक लोगों ने मढ़ौरा स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए । इस अवसर पर उपस्थित बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि आजादी जिनके दम पर मिली उनके प्रति पूरा भारत कर्जदार है । प्रखंड के लोगों का सौभाग्य है कि वे बाबू रामजीवन सिंह की अमर भूमि पर जन्म लिया है । उनका प्रयास होगा की शहीद स्मारक का जीर्णोद्धार और सौदर्यीकरण किया जाए ताकी यह दर्शनीय स्थल बन सके।

स्मारक स्थल है उपेक्षा का शिकार :

कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने कहा कि मेरा परिवार शहीद स्मारक के लिए भूमिदान कर शहीद के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट किया है।लेकिन प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर यह अमरत्व प्राप्त शहीद स्मारक स्थल आजादी मिलने के 75वें साल में भी अपने उपेक्षा के दंश को झेल रहा है।यहां पर केवल 15 अगस्त एव 26 जनवरी को सरकारी स्तर पर झंडोत्तोलन कार्यक्रम होता है।लेकिन इस स्थल को अविस्मरणीय बनाने की दिशा में कोई पहल नहीं होता है। वहीं कांग्रेस के जिला महासचिव
लालबाबू गिरि ने कहा कि शहीद स्मारक के जीर्णोद्धार व भूमि अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन को पत्राचार कर कहा गया है।स्मारक स्थल के सौंदर्यीकरण का कार्य कराने के लिए प्रयास तेज किया जाएगा।