घटना स्थल पर जमा भीड़

Saran News डोरीगंज/छपरा। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लालबाजार के पास एनएच-19 पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें नयागांव निवासी विकास कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल हो गया है।

कैसे हुआ हादसा ?
मृतक विकास अपनी बाइक से ननिहाल (जलालपुर) जा रहा था। लालबाजार के समीप जब उसने एक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश की, तभी अचानक सड़क पर एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलते हुए सीधे 12 चक्का ट्रक के पिछले पहिए के नीचे जा घुसी। हादसे के बाद चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन रोक दिया और कुछ दूरी पर मौजूद पुलिस के पास जाकर खुद आत्मसमर्पण कर दिया।

परिजनों में कोहराम और सड़क जाम
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने छपरा-पटना मुख्य मार्ग (एनएच-19) को जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। पुलिस के समझाने-बुझाने और उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।