पानापुर (सारण)। थाना क्षेत्र के सतजोड़ा बाजार में गुरुवार को अचानक एक पुराना पीपल का पेड़ भरभराकर गिर पड़ा। पेड़ की चपेट में आने से ठेला चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान बिजौली गांव निवासी तेरस राय के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजार में अचानक पेड़ गिरने से अफरातफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही ठेला चालक पेड़ की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अंचल कार्यालय के राजस्व अधिकारी अभिषेक प्रणव एवं थानाध्यक्ष संजीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद बिजौली गांव में मातम पसरा हुआ है।




Recent Comments