तरैया, सारण। प्रखंड के चैनपुर पंचायत के विभिन्न वार्डों में गुरुवार को तो बीडीओ राकेश कुमार ने पंचायतों में शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बीडीओ श्री कुमार ने चैनपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 7, 8, 9 तथा संख्या-6 में स्थित बिंद टोली में लोगों के बीच पहुंचकर उन्हें जागरूक किया तथा कोविड-19 के टीकाकरण के बारे में उन्हें विस्तार पूर्वक बताया। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि सभी लोग टीका अवश्यक रूप से लें तथा अपने परिवार के अन्य सदस्यों को भी टीका लगवायें। टीका पूरी तरह सुरक्षित व प्रभावी है, आप लोग किसी तरह के भ्रम में ना रहें। कोरोना महामारी को मात देने के लिए शत प्रतिशत टीकाकरण का कार्य आवश्यक है। जिसमें आप सभी की सहभागिता अति आवश्यक है, अब बूथ लेवल पर टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा हैं। ताकि कोई व्यक्ति टीका से वंचित ना रहें। प्रखंड के सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने युवाओं से भी टीकाकरण कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने समाज के बुद्धिजीवियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी आग्रह किया कि वे लोगों को टीका के बारे में बताएं और प्रेरित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग टीका ले सकें और इसका लाभ उठा सकें। कोविड-19 के टीका का दोनों डोज लेने के बाद व्यक्ति सुरक्षित हो जाता है। इसलिए इसके संक्रमण से बचने के लिए टिका लेना निहायत ही आवश्यक है। मौके पर पंचायत सचिव ब्रह्मदेव राय, मुखिया प्रतिनिधि अनिल यादव, सरपंच प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह, उप मुखिया विजय सिंह समेत विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे।