
मांझी(सारण)। रविवार की रात मांझी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में पूर्व मुखिया के घर को निशाना बना कर चोरों ने लाखों की संपत्ति चोरी कर ली। अपनी छत पर पत्नी के साथ सो रहे पूर्व मुखिया का दरवाजा चोरों ने बन्द कर कमरों में रखे लगभग छह लाख के सोने के जेवर व लगभग एक लाख नगद सहित लाइसेंसी रिवाल्वर भी लेते गए। सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। पूर्व मुखिया अखिलेश सिंह उर्फ मंटू सिंह ने बताया कि प्रतिदिन की तरह रविवार की रात को भी सभी लोग खा पीकर सोने चले गए। सोमवार की जब सुबह आंख खुली तो छत से नीचे आने के दौरान देखा कि गेट बंद है। फिर इन्होंने घर में आवाज लगाकर गेट खुलवाया। घर के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर का दृश्य देखकर इनके होश उड़ गए।फिर अलमीरा देखा तो उसमें रखा रिवाल्वर एवं छह गोली गायब था। जबकि बगल के ही कोने में पड़ा लाइसेंसी बन्दूक उसी जगह पड़ा हुआ था। शायद इस पर चोरों की नजर नहीं पड़ी होगी। उन्होंने बताया कि सोमवार की सुबह उनकी पत्नी अपने मायके जाने वाली थी। इसी वजह से जेवरात एक ही जगह पर रखा गया था। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। वहीं घटना की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।




Recent Comments