सारण/मांझी। थाना क्षेत्र के भलुआ गांव निवासी डॉ. विशाल कुमार मिश्रा से लूट पाट करने का एक मामला सामने आया है। इस संबंध में श्री मिश्रा द्वारा मांझी थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार डॉ. विशाल की एकमा में एक निजी क्लिनिक है। दो दिन पूर्व वे शाम को क्लिनिक से गांव लौट रहे थे तभी नरवन पुल के पास दो बाइक पर सवार पांच अपराध कर्मियों ने उन्हें रोककर हथियार के बल पर उनके पास से दो मोबाइल फोन तथा जेब से कुछ नगद रुपये व एटीएम कार्ड समेत कई आवश्यक समान लूट कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोगों का कहना है कि पुल के आस-पास आपराधिक गतिविधियां बढ़ने से दहशत का माहौल बनता जा रहा है। लूट-पाट की बढ़ती घटनाओं में ज्यादातर नये-नये लड़के शामिल बताये जा रहे हैं। उन पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्रीय ग्रामीणों ने पुलिस-पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है।