राजीव रोशन हत्या मामले में गवाह बुलेट ने दी गवाही
सिवान : मंडल कारा में गठित विशेष अदालत में गुरुवार को पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन से जुड़े चार सेशन मामलों की सुनवाई हुई। विशेष अदालत के विशेष सत्र न्यायाधीश वीके शुक्ला की अदालत में तीन सेशन मामले और एक क्रिमिनल रिवीजन मामले में सुनवाई की गई । तेजाब कांड के चश्मदीद गवाह राजीव रोशन हत्याकांड मामले में पक्षद्रोही घोषित हो चुके गवाह बुलेट की गवाही कराई गई। घटनास्थल के समीप फर्नीचर के दुकानदार बुलेट ने पूर्व में भी गवाही दी थी ।गुरुवार को अभियोजन की ओर से पुनः गवाह बुलेट को गवाही के लिए प्रस्तुत किया गया। पक्षद्रोही घोषित हो चुके गवाह का जिरह अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक जय प्रकाश सिंह ने किया। गवाही समाप्त हो गई। अदालत में कलेक्ट्रेट परिसर में माले नेता एवं कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले से जुड़े मामले में तत्कालीन अनुसंधानकर्ता सकलु राम की गवाही के लिए तिथि निश्चित थी, किंतु सकलु राम के बीमार रहने की वजह से वह अदालत नहीं पहुंच पाए और इस कारण गवाही दर्ज नहीं हो सकी। भाजपा कार्यकर्ता योगेंद्र पांडे हत्याकांड मामले में भी संक्षिप्त सुनवाई की गई। अदालत में अभियोजन की ओर से विशेष लोक अभियोजक के अतिरिक्त सहायक अपर लोक अभियोजक रघुवर सिंह एवं बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अभय कुमार राजन ,मोहम्मद मोबीन एवं अन्य उपस्थित थे।
———