पदभार ग्रहण करते ही डीएम ने बदला डीपीआरओ को
सिवान: जिले की नई जिलाधिकारी रंजीता ने गुरुवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार लेने के बाद उन्होंने पिछले एक महीने से ठप पड़ी फाइलों को जांच कर उन्हें पूरा करने का काम किया। इसके बाद सरकार की योजनाओं और जिला प्रशासन की गतिविधियों को मीडिया पर निष्पक्ष रूप से पहुंचाने के लिए उन्होंने जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी के प्रभार में चल रहे संदीप कुमार को पद से मुक्त कर समाहर्त्ता के गोपनीय प्रभारी राधाकांत को इस पद का प्रभार सौंप दिया। इसके पूर्व उन्होंने एडीएम सह उप विकास आयुक्त विधुभूषण चौधरी से पदभार लिया। समाहरणालय में प्रभारी डीएम विधुभूषण चौधरी और सिविल सर्जन डॉ. शिवचंद्र झा ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी का अभिवादन करते हुए डीएम सुश्री रंजीता अपने कक्ष पहुंची। जहां दोनों अधिकारियों ने रजिस्टर पर संयुक्त रूप से हस्ताक्षर किया। इधर नई जिलाधिकारी के आगमन को लेकर समाहरणालय में चहल पहल थी। बता दें कि जिले में अभी 33 जिलाधिकारियों की नियुक्ति हुई है जिसमें रंजीता दूसरी महिला समाहर्त्ता हैं। इनके पूर्व 18/03/2008 में वंदना प्रियेशी को जिले की कमान मिली थी।
——




Recent Comments