मोहन भागवत तीन दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं पटना और नवादा
#गरमाई बिहार की राजनीति

पटना :आर एस एस प्रमुख मोहन भागवत के बिहार दौरे को लेकर बिहार की राजनीति गरमाई हुई है। मंगलवार को भागवत बिहार पहुंच रहे हैं, इससे ठीक पहले आरजेडी ने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपने सिद्धान्तों की तिलांजली दे रहे हैं। आरजेडी के इस बयान पर जेडीयू ने पलटवार किया है।
जेडीयू की तरफ से कहा गया है कि हमारा मूल मंत्र धर्मनिरपेक्षता और न्याय के साथ विकास करना है।
इसके लिए नीतीश कुमार ने न कभी किसी से समझौता किया और न ही करेंगे। जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, ‘आरजेडी से हमें सेक्युलरिज्म का पाठ पढ़ने की जरूरत नहीं। हम अपनी जिम्मेदारियों को निभाना बखूबी जानते हैं और हमारी जिम्मेदारी है कि कोई बिहार की विरासत के साथ छेड़छाड़ ना करे, फिर कोई भी संगठन बिहार का दौरा करे इससे हमें कोई फर्क नहीं पड़ता।’
आपको बता दें कि आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी ने भागवत के बिहार दौरे के बहाने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि आखिर उनकी ये कैसी मजबूरी है जिसके चलते वह अपने सिद्धांतों की तिलांजलि दे रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘नीतीश कल तक सेक्युलरिज्म की दुहाई देते थे और आज सांप्रदायिक ताकतों को बढ़ावा देने में लगे हैं। आरएसएस बिहार में हिंदुत्व का एजेंडा फैलाना चाहती है और जब से नीतीश कुमार बीजेपी के साथ हुए हैं आरएसएस बिहार में हिंदुत्व का फसल उगाने में लगी है।’
बता दें कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत 22 मई को तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचेंगे। पटना पहुंचने के बाद मोहन भागवत नवादा के लिए रवाना हो जाएंगे और वहां संघ शिक्षा वर्ग के प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। मोहन भागवत 25 मई को वापस पटना लौटने के बाद कानपुर के लिए रवाना होंगे
#रिपोर्ट / सन्नी भगत




Recent Comments