मशरक (सारण)। कोरोना महामारी के बढ़ते संक्रमण के बीच मुस्लिम समुदाय के पर्व मुहर्रम के अवसर पर भीड़़ के साथ निकलने वाले ताजिया तथा शस्त्र प्रदर्शन को लेकर मशरख थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सोमवार को थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। मशरख प्रखंड क्षेत्र में ग्यारह पंचायत में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है गांवो से थाना परिसर में लोगों को आने जाने का कोई साधन उपलब्ध नही है।जिसको देखते हुए सारण पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार बाढ़ प्रभावित इलाकों में चयनित बाढ़ ग्रस्त इलाके डुमरसन राजापट्टी , चांद कुदरिया चालीस आरडी पर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसमें थानाध्यक्ष रत्नेश कुमार वर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी को लेकर राज्य सरकार द्वारा 6 सितम्बर तक के लिए अनलॉक-3 को विस्तारित किया गया है। कोविड- 19 को देखते हुए मुहर्रम पर्व के अवसर पर अलम, ताजिया, सिर पर अथवा अखाड़े का कोई जुलूस नहीं निकाला जायेगा। ताजिया के साथ होने वाले शस्त्र प्रदर्शन भी नहीं होगा तथा लाउडस्पीकर अथवा डीजे का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा की थाने क्षेत्र के किसी भी सार्वजनिक स्थल पर ताजिया नहीं रखा जायेगा तथा अखाड़े का आयोजन भी नहीं किया जायेगा। साथ ही मस्जिदों में प्रबंध समिति के सदस्यगण सोशल डिस्टेंसिंग के साथ उपस्थित रह सकते हैं। सभी लोग अपने घरों में अपने परिवार के सदस्यों के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए इस पर्व को मनायेंगे। इस अवसर पर उप प्रमुख साहेब हुसैन उर्फ टुनटुन, पूर्व मुखिया बच्चा लाल साह,अकबर अली, रहमान अली, एजाजुल हक खां, भुटेली मियां, अब्बास हुसैन, यशवंत सिंह, नेसार आलम, अशरफ अली, लक्ष्मण राय, भोला अंसारी, जावेद आलम, अनवर हुसैन मौजूद रहे।