
• कार्रवाई से दर्जनों परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट, आर्थिक बोझ तले दबे दुकानदार
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मिर्जापुर बाजार में मंगलवार को प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिला। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में केसर-ए-हिंद महाल की सरकारी जमीन पर बनी 30 दुकानों को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा और प्रभावित दुकानदारों में गहरा आक्रोश व मायूसी देखी गई। वहीं कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ भी जमा रही।
कार्रवाई से पूर्व में जारी नोटिस के बाद भी नहीं हटा था कब्जा :
मढ़ौरा अंचलाधिकारी अंबपाली यादव ने बताया कि मढ़ौरा अंचल कार्यालय में अतिक्रमण वाद संख्या 04/2024-25 के तहत सुनवाई चल रही थी। संबंधित दुकानदारों को पूर्व में ही नोटिस जारी कर सरकारी जमीन खाली करने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बावजूद जब जमीन से कब्जा नहीं हटाया गया, तब वरीय अधिकारियों के निर्देश पर यह दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
पूरी तैयारी के साथ पहुंचा था दस्ता, दुकानदारों की नहीं सुनी फरियाद :
बता दें कि इससे पहले भी मिर्जापुर बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, लेकिन वह केवल आंशिक कार्रवाई बनकर रह गई थी। इस बार प्रशासन पूरी तैयारी के साथ पहुंचा था। मौके पर राजस्व पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह, स्थानीय पुलिस बल और जिला मुख्यालय से मंगाए गए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। कानूनी कार्रवाई पूरी करने पहुंचे अधिकारियों ने दुकानदारों की फरियाद नहीं सुनी।
दुकानदारों के टूटे सपने, आर्थिक क्षति ने बढ़ाई भविष्य की चिंता :
प्रशासनिक बुलडोजर चलने से वर्षों से चल रहे दर्जनों परिवारों के रोजगार के साधन पल भर में मलबे में तब्दील हो गए। पीड़ित दुकानदारों ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि वे इस रोजगार के सहारे ही अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। प्रशासन की कार्रवाई से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकानदारों का कहना था कि उन्हें उम्मीद थी कि प्रशासन मानवीय आधार पर कोई सकारात्मक रास्ता निकालेगा, लेकिन दुकानों के टूटने से उनके सामने परिवार के भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है।अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि को अब सरकारी उपयोग के लिए सुरक्षित कर लिया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित दुकानदारों में मायूसी व्याप्त है।




Recent Comments