
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा। स्थानीय सरकारी एएनएम स्कूल में मंगलवार को ‘इंटरनेशनल नर्सेज डे’ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर छात्राओं ने शानदार मॉडल प्रेजेंटेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि, अनुमंडल अस्पताल मढ़ौरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार और प्राचार्या शैल्वी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
समारोह में छात्राओं ने स्वागत गान और नृत्य से अतिथियों का अभिनंदन किया। डॉ. वीरेश कुमार ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि अस्पताल में बेहतर व्यवहारिक प्रशिक्षण लेकर समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करें। वहीं, प्राचार्या शैल्वी ने जोर देकर कहा कि जहाँ दवाइयां विफल हो जाती हैं, वहां एक नर्स का स्नेहपूर्ण व्यवहार और ढांढस मरीज को नया जीवन दे सकता है। नर्सिंग ट्यूटर शकीलुर रहमान ने नर्सों को चिकित्सा जगत की ‘बैकबोन’ बताया।

प्रथम और द्वितीय वर्ष की छात्राओं द्वारा तैयार किए गए नर्सिंग मॉडलों का अतिथियों ने निरीक्षण किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। ट्यूटर दिव्या रानी और स्नेही प्रसाद ने छात्राओं को फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन से प्रेरणा लेने और निस्वार्थ सेवा का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर अस्पताल के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और ट्यूटर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।




Recent Comments