महात्मा हैनिमैन की जयंती-सह-नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन

मशरक (सारण) बुधवार को ऑर्गेनाइजेशन फार होमियो मिशन की मशरक इकाई की ओर से डुमरसन मेला स्थित विवाह भवन में महात्मा हैनिमैन जयंती समारोह -सह- नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। समारोह का उद्घाटन ऑर्गेनाइजेशन फार होमियो मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ के के सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उक्त अवसर पर संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ केके सिंह ने कहा कि होमियोपैथी ही एक ऐसी ऊर्जस्वी चिकित्सा पद्धति है, जिसमें असाध्य बीमारियों को दूर करने की क्षमता है। ओएचएम का परम उद्देश्य हैनिमैन की लोक कल्याणकारी चिकित्सा विधा को जन-जन तक पहुंचाना, इसके मार्ग में खड़ी चट्टानी बाधाओं को किनारे लगाना और इसकी आरोग्यकारी क्षमताओं के मुताबिक भारत भूमि पर इसको सम्यक जमीन दिलाना है, ताकि समाज के वंचित – साधनहीन लोगों की यथोचित सेवा हो सके।
प्रांतीय महासचिव डॉ निशांत प्रभाकर ने इस पद्धति के प्रति सरकारी उदासीनता का सवाल उठाया और लाभान्वित होने वाली जनता के प्रतिशत के हिसाब से सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रों में इसे अवसर देने की मांग रखी। प्रांतीय कोषाध्यक्ष डॉ आर के सिंह ने अपनी जायज़ मांगों को सरकार के समक्ष रखने के लिए संगठित होने की जरूरत पर बल दिया और सारण प्रमंडल में एक राजकीय होमियोपैथिक मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव रखा। प्रमंडलीय संगठन सचिव डॉ मनोज कुमार सिंह ने इस विज्ञान के उत्थान के लिए होमियोपैथिक बोर्ड के जीर्णोद्धार की बात उठाई।
अन्य वक्ताओं में राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ रामाधार ठाकुर , इकाई अध्यक्ष डा हरेंद्र कुमार द्विवेदी, सचिव डॉ अमरजीत सिंह, कोषाध्यक्ष डॉ दसईं तिवारी, सह सचिव डॉ शेषनाथ कुमार, डाॅ. संतोष कुमार पांडेय, डॉ मेघनाथ कुशवाहा, डॉ चंदेश्वर सिंह उपस्थित थे।