सिसवन में उमड़े श्रद्वालु। मकर संक्रांति पर नदी में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालु।
सुबह से ही नदी के घाटों पर पहुंचने लगे थे श्रद्धालु
सिसवन| मकर संक्रांति के मौके पर बुधवार को सिसवन के सरयू नदी तट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।अहले सुवह ही श्रद्धालु नदी के विभिन्न घाटों पर स्नान करने पहुंचने लगे थे। स्नान कर श्रद्धालुओं ने पूजा-पाठ किया। कचनार, भागर, गंगपुर सिसवन, नवका टोला, जयी छपरा आदि घाटों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में पवित्र स्नान किया।
स्नान के बाद उगते सूर्य को दिया गया अर्घ्य
सरयू नदी तट पर श्रद्धा तथा भक्ति का पर्व मकर संक्रांति धूमधाम के साथ मनाया गया। नदी तटों और मंदिरों के पास दुकानदारों ने पूजन सामग्री की दुकानें लगा रखी थीं। पवित्र तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था। ठंड और पछुआ हवा चलने के बावजूद श्रद्धालुओं ने नदी में डुबकी लगा कर दान-पुण्य किया। मंदिरों में पूजा करने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। लोगों ने तिल, लाई, गुड़, चूड़ा आदि का सेवन कर त्योहार को पारंपरिक ढंग से मनाया। लोगों ने स्नान कर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस अवसर पर लगे मेले में बच्चों ने झूले तथा चटपटी वस्तुओं का लुत्फ उठाया। बच्चों ने पूरे दिन पतंगबाजी की।
ब्राह्मणों को दिए तिलवा और चावल
खरमास को अलविदा करते हिंदुओं का पवित्र मकर संक्रांति पर्व को लेकर दूरदराज के श्रद्धालुओं ने मंगलवार को सरयू नदी में डुबकी लगाई। बताते चलें कि अब हिंदुओं का लगन व विवाह शादी का दिन शुरू हो जाता है। मकर संक्रांति पर श्रद्धालुओं ने नदी के पावन पवित्र जल में स्नान कर नये वस्त्र पहनकर तिलवा और चावल ब्राह्मण को दिया।




Recent Comments