दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। मशरक प्रखंड की अरना पंचायत स्थित बड़वाघाट बाजार में पिछले कई दिनों से लोगों के लिए आतंक का कारण बने पागल बंदर को आखिरकार जाल की मदद से पकड़ लिया गया। बंदर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और क्षेत्र में सामान्य स्थिति लौटती दिखी। जानकारी के अनुसार, यह बंदर राहगीरों, घरों की छतों पर मौजूद लोगों तथा बाहर निकलने वाले ग्रामीणों पर अचानक हमला कर देता था। उसके हमले में करीब एक दर्जन लोग घायल हो चुके थे। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल था और लोग घरों से निकलने में भी भय महसूस कर रहे थे। समाजसेवी मुन्ना साह ने बताया कि बंदर के आतंक की सूचना वन विभाग को दी गई थी। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद सिवान से बंदर पकड़ने में विशेषज्ञ निजी टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञ ने काफी मशक्कत के बाद जाल की सहायता से बंदर को सुरक्षित पकड़ लिया।