मशरक (सारण)। मशरक थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोनौली गांव में छापेमारी कर जुआ खेलने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से आठ बाइक, 37 ताश के पत्ते तथा 300 रुपये नकद बरामद किए हैं, जबकि पुलिस को देखते ही 8 से 10 लोग फरार हो गए।

अपर थानाध्यक्ष सम्पूर्णानंद ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस ने पीछा कर सोनौली निवासी साबिक खान उर्फ मोनू खान को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 300 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आठ मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं, जिनके स्वामित्व की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी एवं फरार आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा भारतीय जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

टोपो लैंड व जमीन निबंधन पर लगी रोक हटाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने बनाई आंदोलन की रणनीति

सोनपुर (सारण)। टोपो लैंड एवं जमीन निबंधन पर लगी रोक के विरोध में चल रहे जनआंदोलन को तेज करने के उद्देश्य से सोमवार को सोनपुर प्रखंड के सबलपुर हस्ती टोला में टोपोलैंड संघर्ष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी धर्मनाथ शर्मा ने की, जबकि संचालन वीरेन्द्र शर्मा ने किया।

बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि टोपो लैंड की समस्या वर्षों से क्षेत्र के लोगों के लिए असुरक्षा और अनिश्चितता का कारण बनी हुई है। सोनपुर में जमीन की रजिस्ट्री पर लगी रोक से आम लोगों का सामाजिक और आर्थिक जीवन प्रभावित हो रहा है, जिससे व्यापक असंतोष व्याप्त है।

वीरेन्द्र शर्मा, पवन शर्मा, दीपक कुमार, विनोद यादव सहित अन्य वक्ताओं ने सरकार से शीघ्र रोक हटाने तथा समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। पवन शर्मा ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि गांवों में नियमित सभाएं, नुक्कड़ बैठकें एवं जनसंपर्क अभियान चलाकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी। युवाओं से आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया गया।

बैठक को शिव शंकर शर्मा, मृत्युंजय राय उर्फ गोप जी, रामजी शर्मा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में जमीन निबंधन पर लगी रोक तत्काल हटाने तथा टोपो लैंड विवाद का न्यायसंगत समाधान निकालने की मांग की।

सेटेलाइट सिटी के लिए जमीन नहीं देंगे किसान, भरपुरा में आंदोलन तेज करने का ऐलान

सोनपुर (सारण)। सोनपुर प्रखंड में प्रस्तावित सेटेलाइट सिटी एवं एयरपोर्ट निर्माण के विरोध में भरपुरा स्थित लालू यादव चौक पर किसानों, भू-स्वामियों एवं स्थानीय ग्रामीणों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों ने स्पष्ट कहा कि वे किसी भी परिस्थिति में अपनी कृषि भूमि अधिग्रहण के लिए नहीं देंगे और बिना सहमति किसी भी भूमि अधिग्रहण का विरोध करेंगे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना से किसानों और भू-स्वामियों की समस्याएं बढ़ेंगी, जबकि इसका लाभ बड़े पूंजीपतियों को मिलेगा। उनका आरोप था कि उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण कर किसानों की आजीविका और भविष्य को संकट में डाला जा रहा है।

बैठक में कहा गया कि किसान विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें किसानों के हित सुरक्षित रहें और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें। वक्ताओं ने सुझाव दिया कि सेटेलाइट सिटी का निर्माण दियारा क्षेत्र में किया जाए, ताकि उपजाऊ कृषि भूमि सुरक्षित रह सके।

भरत सिंह, नितेश कुमार, शिवनाथ मंडल, पंकज परमार, शिवकांत सिंह एवं अन्य वक्ताओं ने कहा कि जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि किसानों के जीवन और भविष्य का आधार है। ग्रामीणों ने सरकार से क्षेत्र में उद्योग-धंधे एवं फैक्ट्रियां स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।

बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि किसानों और भू-स्वामियों की सहमति के बिना भूमि अधिग्रहण का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। कई किसानों ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी जान दे देंगे, लेकिन अपनी जमीन नहीं देंगे। बैठक में राकेश दांगी, कृष्णा यादव, नितेश कृष्ण, हरिओम सिंह, संतोष मुखिया, अरुण राय, रवि सिंह, कामता सिंह, सोनू, रंजीत पासवान, संजय राय सहित बड़ी संख्या में किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।