दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय नगर के स्टेशन रोड का एक विद्युत ट्रांसफार्मर शनिवार दोपहर भीषण गर्मी के बीच अचानक जल गया. ट्रांसफार्मर जलने की खबर मिलते ही स्थानीय उपभोक्ता उमस भरी गर्मी को लेकर गहरी चिंता में डूब गए. हालांकि, विद्युत विभाग ने इस बार त्वरित कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं को राहत की खबर दी है. नगर कनीय अभियंता राजू सोनी ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने की सूचना मिलते ही विभाग सक्रिय है.महज तीन घंटे के भीतर जले हुए ट्रांसफार्मर को पोल से नीचे उतरवा दिया गया है. उन्होंने आश्वासन दिया कि आज ही देर शाम तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.गौरतलब है कि एक दशक पहले तक संसाधनों की कमी के कारण शहरों में ट्रांसफार्मर बदलने में हफ्ते भर और ग्रामीण इलाकों में महीनों का समय लग जाता था. लेकिन अब बदले माहौल में संसाधन संपन्न विद्युत विभाग चौबीस घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर लगाकर स्थिति सामान्य कर दे रहा है.