मढ़ौरा(सारण)। शुक्रवार को मढ़ौरा में भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ भीमराव अंबेडकर की 132वीं जयंती मनाई गई. मुख्य कार्यक्रम नगर स्थित डॉ भीमराव अंबेडकर स्मारक पार्क परिसर में आयोजित हुआ, जहां पर बाबा साहेब की आदम कद प्रतिमा पर मढ़ौरा एसडीओ योगेंद्र कुमार, नगर मुख्य पार्षद रुबी सिंह, एएसडीओ नलिन प्रताप राणा, डीएसपी नरेश पासवान, डीसीएलआर रवि शंकर मिश्र, मढ़ौरा बीडीओ सुधीर कुमार, सीओ रविशंकर पांडे, इंस्पेक्टर आर के सिंह, मुखिया प्रमात्मा राय, पूर्व मुख्य पार्षद ललन राय समेत दर्जनों गणमान्य लोगों ने माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया. कार्यक्रम स्थल अंबेडकर स्मारक पार्क में कई टोले मुहल्ले से उत्साही युवकों की टोली ने जय भीम की नारे लगाते जुलूस की शक्ल में पहुंच डॉ. बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर के प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की. मालूम हो कि 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती मनता है. बाबा साहेब एक भारतीय विधिवेत्ता, राजनीतिज्ञ, दार्शनिक, अर्थशास्त्री के साथ-साथ इतिहासकार भी थे. उनका जन्म 14 अप्रैल, 1891 को हुआ था.

डॉ अंबेडकर भारतीय जाति व्यवस्था के कट्टर आलोचक माने जाते थे और उन्हें हाशिए के समुदायों को ऊपर उठाने के लिए कई सुधार लाने का श्रेय दिया जाता है. उन्होंने दलितों के लिए राजनीतिक और सामाजिक आजादी पर जोर दिया. बाबा साहेब ने कानून, अर्थशास्त्र के साथ-साथ राजनीति विज्ञान में अपनी पढ़ाई के लिए डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की. 14 अप्रैल को यानी आज पूरे देश में जयंती के मौके पर समारोह आयोजित किए जाते हैं.