मढ़ौरा (सारण)। अनुमंडल क्षेत्र में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार अकीदत, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही क्षेत्र के मिर्जापुर, तेजपुरवा, मुबारकपुर और ओल्हनपुर सहित विभिन्न गांवों व शहरी इलाकों के ईदगाहों तथा मस्जिदों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह साढ़े छह बजे से ही मुस्लिम समुदाय के लोग पूरे अकीदत और शिद्दत के साथ खुदा की इबादत में लीन नजर आए। नमाज के बाद मौलवियों द्वारा मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं। त्योहार को लेकर स्थानीय प्रशासन बेहद मुस्तैद दिखा। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बलों की विशेष तैनाती की गई थी, जहां 10/1 के अनुपात के तहत पुलिस बल मुस्तैद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बिहार पुलिस के जवानों के साथ-साथ एसएसबी के जवानों को भी तैनात किया गया था। इसके अलावा, पुलिस की कई सचल टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त करती रहीं। नमाज संपन्न होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की बधाई दी और अपने घरों को लौटकर कुर्बानी की रस्म पूरी की।