
भेल्दी(सारण),8 अगस्त। स्थानीय थाने के बांसडीह में बिजली की करंट लगने से एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।मृतक शिवजी सिंह उर्फ दहाड़ी सिंह(42) भेल्दी थाने के बांसडीह गांव के स्व. पारस सिंह का पुत्र बताया जाता है।
मिली जानकारी के अनुसार भेल्दी थाने के बांसडीह गांव के शिवजी सिंह उर्फ दहाड़ी सिंह मंगलवार की सुबह करीब 9 बजे बांसडीह बाजार स्थित अपने नवनिर्मित घर पर जा रहा था तभी बाजार के एक वेल्डिंग दुकानदार द्वारा बिजली प्रवाहित तार दुकान के बाहर छोड़ दिए जाने से उसकी चपेट में आने से उसकी मौत मौके पर ही हो गई।युवक के मौत की सूचना मिलते ही बाजार व गांव के सैकड़ों लोग जुट गए और इसकी सूचना भेल्दी पुलिस को दी।भेल्दी पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पाेस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।समाचार प्रेषण तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकी है।युवक के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।मृतक के बड़े भाई शिवनाथ सिंह,भाभी कलावती देवी,भतीजा गणेश कुमार सिंह संतोष कुमार सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।सारण जिला राजद अध्यक्ष व पूर्व प्रमुख सुनील राय,संतोष पटेल,पूर्व मुखिया प्रतिनिधि उमेश सिंह,पूर्व मुखिया शंभूनाथ द्विवेदी,शिक्षक रामाशंकर सिंह ने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए ढाढस बढाया।




Recent Comments