दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदाताओं ने डाले वोट

बेतिया में 64.28, भितहां में 69.11, नौतन में 62.73 एवं नरकटियागंज में 65.02 प्रतिशत हुआ मतदान

जिला के 4 प्रखण्ड में पहले चरण में पैक्स निर्वाचन 9 दिसम्बर 2019 को सम्पन्न हुआ। पैक्स चुनाव के लिए प्रथम चरण में बेतिया, भितहां, नौतन एवं नरकटियागंज प्रखंड क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न हो गया। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया। बेतिया प्रखंड अंतर्गत मतदान 64.28%,भितहां प्रखंड में 69.11%, नौतन प्रखंड अंतर्गत 62.73% तथा नरकटियागंज प्रखण्ड में 65.02%रहा। इस तरह चारों प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत मतदान का कुल प्रतिशत 64.35 रहा। जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बताया कि बेतिया प्रखंड अंतर्गत 6 पैक्स के लिए चुनाव सम्पन्न हुआ है। नौतन प्रखंड अंतर्गत 17, भितहां प्रखंड अंतर्गत 07 एवं नरकटियागंज प्रखंड अंतर्गत 18 पैक्स के लिए चुनाव सम्पन्न हो गया है। उन्होंने बताया कि बेतिया, भितहां, नौतन एवं नरकटियागंज में पैक्स चुनाव के लिए मतगणना मंगलवार 10 दिसम्बर 2019 को की जायेगी। दूसरी ओर 11 दिसम्बर 2019 को द्वितीय चरण का मतदान बैरिया, पिपरासी एवं मझौलिया प्रखंड में सम्पन्न होगा। तृतीय चरण का मतदान 13 दिसम्बर 2019 को चनपटिया, योगापट्टी एवं मधुबनी प्रखंड में सम्पन्न होगा। चतुर्थ चरण का मतदान 15 दिसम्बर 2019 को गौनाहा, सिकटा, मैनाटांड़, ठकराहां एवं बगहा-02 प्रखंड में सम्पन्न होगा। बगहा-01, लौरिया एवं रामनगर प्रखंड क्षेत्रों में पैक्स चुनाव 17 दिसम्बर 2019 को सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि मतगणना केन्द्र पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी डाॅ.निलेश रामचंद्र देवरे के निदेशानुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना सम्पन्न कराने के उदेश्य से पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गयी है। आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।