• मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री मंगल पांडेय ने बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला, कहा- खेल संस्कृति से निखरेगी प्रतिभा

• सोनपुर विधायक विनय सिंह बोले- ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ से खिलाड़ियों को मिल रहा उचित सम्मान
दैनिक खोज खबर/छपरा। सारण फाउंडेशन द्वारा आयोजित ‘सारण खेल महोत्सव 2026’ के तहत खेले जा रहे सारण प्लेयर्स लीग का भव्य फाइनल मुकाबला रविवार को छपरा के ऐतिहासिक राजेन्द्र स्टेडियम में संपन्न हुआ। इस रोमांचक खिताबी मुकाबले में नैनी वॉरियर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सांगा क्लब छपरा को 25 रनों से शिकस्त देकर ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रवीण कुमार को ‘मैन ऑफ द मैच’ और पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने वाले हसरत खान को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ के खिताब से नवाजा गया।
प्रतिभाओं को निखारते हैं ऐसे आयोजन : मंगल पांडेय
इस समापन समारोह व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय थे। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए श्री पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के शानदार आयोजन जिले में खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, “ऐसे ही मंचों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा का सही विकास होता है। यही खिलाड़ी आगे चलकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले और पूरे राज्य का नाम रोशन करेंगे।”
खिलाड़ियों को मिल रहा उचित सम्मान : विधायक विनय सिंह
विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद सोनपुर के विधायक विनय कुमार सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सारण के युवाओं में असीम ऊर्जा और क्षमता है, जो ऐसे आयोजनों के माध्यम से निखरकर सामने आती है। उन्होंने बिहार सरकार की खेल नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार प्रतिभावान खिलाड़ियों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है। सरकार की *’मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के जरिए राज्य के खिलाड़ियों को उनका उचित सम्मान और रोजगार मिल रहा है।
युवाओं को मंच देना ही मुख्य उद्देश्य : शैलेन्द्र सिंह
इससे पूर्व, कार्यक्रम की शुरुआत में आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए सारण फाउंडेशन व सारण खेल महोत्सव 2026 के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह सेंगर ने स्वागत भाषण दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को जागृत करने और उन्हें एक बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष इस महोत्सव का आयोजन कराया जाता है, ताकि युवा पूरे उत्साह के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर देश-दुनिया में सारण का नाम चमका सकें।
समारोह में ये रहे मुख्य रूप से उपस्थित :
इस भव्य खेल आयोजन के समापन के अवसर पर जिले के कई शिक्षाविद, राजनेता और खेल जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें मुख्य रूप से डॉ. एस के पाण्डेय, सारण क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अन्नू सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, जगदम कॉलेज के प्राचार्य के पी श्रीवास्तव, गंगा सिंह कॉलेज के प्राचार्य प्रमेन्द्र रंजन, अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष अजीत कुमार तिवारी, डॉ. पंकज सिंह और जेडीयू के जिलाध्यक्ष वैद्यनाथ प्रसाद विकल शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, जिला महामंत्री विवेक सिंह, रणजी क्रिकेटर रौशन राज, भाजपा युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी डॉ आशुतोष कुमार, विश्वजीत चंदेल, चरण दास, वरुण सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शुभम वर्मा, रणवीर सिंह, सुमन सिंह, सुरेश प्रसाद सिंह, विक्की आनंद, मनोज संकल्प तथा अरदेन्दु शेखर सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।




Recent Comments