मांझी। छपरा सिवान रेलखण्ड के दाउदपुर स्टेशन के पूर्वी ढाला संख्या 61 सी पर गुरुवार की सुबह एक बालू लदा ट्रैक्टर रेलवे ट्रैक पर फंस गया। जिसके कारण अप और डाउन ट्रेनों का आवागमन करीब ढाई घंटे तक बाधित रहा। इसकी सूचना मिलते ही पीडब्लूआई और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर से बालू अनलोड कराया। तब जाकर ट्रैक पर परिचालन शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि डोरीगंज से बालू लोड कर एक ट्रैक्टर दाउदपुर थाना क्षेत्र के मदनसाठ गांव जा रहा था। रेलवे ढाला पार करने के दौरान ट्रैक्टर ट्रैक के बीच बने गढ़े में फंस गया।निकलने के प्रयास में ट्रैक्टर व टेलर के बीच की कड़ी टूट गई। उसके बाद गेट मैन ने तुरंत इसकी सूचना दाउदपुर स्टेशन मास्टर को दी। उसके बाद स्टेशन मास्टर ने अप व डाउन ट्रेनों का परिचालन को रोक कर आरपीएफ व पीडब्लूआई को सूचना दी। उसके बाद ट्रैक्टर- ट्रॉली को ट्रैक से हटाया जा सका। गेट मैन ने बताया कि अहले सुबह 4 बजकर 12 मिनट पर ट्रैक्टर ढाला पार कर रहा था तभी फंस गया। इसी क्रम में डाउन बिहार संपर्क एक्सप्रेस ट्रेन तथा अप से गोदान एक्सप्रेस का लाइन क्लियर हो गया। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर द्वारा तत्काल एकमा में बिहार संपर्क तथा गोदान को कोपा स्टेशन पर वही डीएमआर मालगाड़ी को दाउदपुर स्टेशन पर रोक दिया गया।