बहरैन, अदालती आदेश के विरुद्ध और शहीद के समर्थन में व्यापक प्रदर्शन
देश विदेश दैनिक खोज खबर
बहरैनी जनता ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में मौत की सज़ाओं के फ़ैसले पर आपत्ति जताते हुए शहीद युवा मुस्तफ़ा हमदान के समर्थन में प्रदर्शन किए। अल आलम टीवी चैनल की रिपोर्ट के अनुसार बहरैनी नागरिकों ने शनिवार को देश के विभिन्न क्षेत्रों में प्रदर्शन करके तीन बहरैनी युवाओं की सज़ाए मौत के बारे में अदालती फ़ैसले पर रोष व्यक्त करते हुए सरकार के विरुद्ध ज़बरदस्त नारेबाज़ी की। बहरैन की अदालत ने गुरुवार को देश के तीन राजनैतिक युवा कार्यकर्ताओं को मौत की सज़ा सुनाई थी। प्रदर्शनकारियों ने इसी प्रकार 18 वर्षीय मुस्तफ़ा हमदान का फ़ोटो लेकर प्रदर्शन किया और सरकार के विरुद्ध गगनभेदी नारे लगाए।
ज्ञात रहे कि जनवरी के महीने में मनामा के निकट दुराज़ क्षेत्र में देश के वरिष्ठ धर्म गुरु शैख़ ईसा क़ासिम के घर के बाहर होने वाले धरने पर बैठे लोगों पर सुरक्षाकर्मियों ने फ़ायरिंग कर दी थी जिसमें 18 वर्षीय मुस्तफ़ा हमदान घायल हो गये थे। मुस्तफ़ा हमदान ज़ख़्मों की ताब न लाते हुए शुक्रवार को शहीद हो गये थे। प्रदर्शनकारियों ने बहरैन नरेश हमद बिन ईसा आले ख़लीफ़ा को बहरैन की वर्तमान स्थिति का ज़िम्मेदार बताया। बहरैन में वर्ष 2011 से जनता के शांतिपूर्ण प्रदर्शन हो रहे हैं। जनता देश में तानाशाही की समाप्ति तथा नागरिकों के साथ भेदभाव को समाप्त करने तथा न्याय की स्थापना की मांग कर रही है।




Recent Comments