
दाउदपुर(सारण) : मांझी के बरेजा गांव निवासी प्रभात कुमार पर्यावरण को नष्ट होने से बचाने के लिए विगत तीन वर्षों से क्षेत्र में जन जागरूकता मुहिम चला रहे हैं। वे किसी भी अवसर पर जहां भी जाते हैं लोगों के बीच पर्यावरण सुरक्षा को लेकर चर्चा अवश्य करते हैं। साथ हीं उन्हें मुफ्त में पेड़-पौधे भेंट कर धरती, प्रकृति व पर्यावरण को बचाने के लिए संकल्प दिलाते हैं। चाहे जन्मदिन हो, शादी हो या कोई पर्व वे अनमोल प्रकृति के अनमोल उपहार के रूप में पेड़-पौधे ही भेंट करते हैं। उनका कहना है कि पुर्वजों के द्वारा सौंपे गए पेड़-पौधे हमारे अनमोल धरोहर हैं। उनका बचाव हमारी जिम्मेवारी है। उन्हें नष्ट कर हम आगे आने वाली अपनी ही पीढ़ी के साथ धोखा नही कर सकते। पर्यावरण सुरक्षित है तो हम सुरक्षित हैं।
प्रभात अभी तक 5 हजार से अधिक पेड़-पौधे बांट चुके हैं
अपने मुहिम के तहत प्रभात अभी तक 5 हजार से अधिक पेड़-पौधे मुफ्त में लोगों के बीच बांट चुके हैं। प्रभात के इस मुहिम से लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं।क्षेत्र में उनकी पहचान एक पर्यावरण रक्षक युवा के रूप में बन गई है। प्रभात कुमार सारण जिले के मांझी प्रखंड के अंतर्गत आदर्श ग्राम बरेजा गांव निवासी रिटायर्ड पुलिस सब-इंस्पेक्टर श्रीराम मिश्रा व ललिता मिश्रा के पुत्र हैं। बरेजा हाई स्कूल से मैट्रिक, जगदम कालेज छपरा से ग्रेजुएशन फिलहाल वे जॉब की तैयारी में भी जुटे हैं। प्रभात लखनऊ में ग्रीन अर्थ फाउंडेशन नामक एनजीओ भी चलाते हैं। वे पर्यावरण सुरक्षा को लेकर देश व विश्व में चलाये जा रहे कार्यक्रम की भी जानकारी नेट व अन्य माध्यम से जुटाते हैं। कई लेख भी लिख चुके हैं।
नही चेते तो हो जाएगी बहुत देर
दैनिक भास्कर से एक मुलाकात में उन्होंने बताया कि संसार के सारे जीव-जंतु प्रकृति व पर्यावरण की ही देन हैं। फिर हम उनकी सुरक्षा के प्रति जिम्मेवार क्यों नही हैं ? बेतहाशा गंदगी फैलने के कारण ही जल व वायु प्रदूषण तेजी से बढ़ता जा रहा है। दिल्ली के बाद पटना जैसे शहर में भी वायु प्रदूषण की समस्या उत्पन्न होने से सांस व हृदय की बीमारियां तेजी से लोगों को जकड़ रही है। अब भी नही चेते तो बहुत देर हो जाएगी। प्राकृतिक आपदाएं बढ़ेगी और सब कुछ तबाह हो जाएगा।
पर्यावरण की सुरक्षा हम सबकी भी समाजिक जिम्मेवारी
सरकार द्वारा देश में सफाई अभियान, अधिक से अधिक वृक्षारोपण पर जोर, पलास्टिक के थैले पर रोक लगा कर व हर घर में शौचालय बनवाने की योजना चला कर पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में ठोस कदम उठाया गया है। मगर हम सबकी भी समाजिक जिम्मेवारी बनती है कि आगे बढ़ें और पर्यावरण सुरक्षा के प्रति लोगों को भी जागरूक करें।




Recent Comments