दैनिक खोज खबर/बनियापुर (सारण)। सारण जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ने का एक और मामला सामने आया है। ताजा घटना बनियापुर थाना क्षेत्र के भकुरा भीट्ठी गांव की है, जहां सोमवार को एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से मिलने की जिद पर अड़कर एक निजी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। लड़की को टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लड़की टावर की ऊंचाई पर जाकर जोर-जोर से अपने प्रेमी को बुलाने और उससे मिलाने की मांग करने लगी। स्थानीय लोगों ने उसे समझाने और नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह किसी की बात मानने को तैयार नहीं थी। घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी गई। सूचना मिलते ही बनियापुर थाना पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने सूझबूझ से काम लेते हुए लड़की को समझाने का प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। बताया जा रहा है कि लड़की स्थानीय दलित बस्ती की रहने वाली है, हालांकि प्रशासन ने अभी उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई और पूछताछ शुरू कर दी है। सारण जिले में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी बनियापुर में ही एक युवती प्रेम-प्रसंग के कारण टावर पर चढ़ गई थी, जिसके खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी भी दर्ज की थी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस तरह के कदम उठाना न केवल संबंधित व्यक्ति की जान को खतरे में डालता है, बल्कि कानून-व्यवस्था और बचावकर्मियों के लिए भी बड़ी चुनौती खड़ी करता है। प्रशासन ने लोगों से ऐसी जानलेवा हरकतों से बचने की अपील की है।