देश भर में डेंगू के मरीज बढ़े, अन्य राज्यों की तुलना में बिहार अधिक सुरक्षित
▶️बिहार में अभी तक डेंगू से एक भी मौत नहीं
देश भर में 67377 लोग डेंगू के चपेट में
▶️इस साल कर्नाटक में सबसे अधिक डेंगू के मरीज
▶️डेंगू से सबसे अधिक प्रभावित 10 राज्यों की सूची से बिहार बाहर
पटना/ 18 अक्टूबर: डेंगू का प्रकोप पूरे देश में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष अधिक देखने को मिल रहा है। इस साल देश के सभी राज्यों में डेंगू से पीड़ितों की संख्या में इजाफ़ा देखने को मिला है। राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण निदेशालय से जारी आंकड़ों के मुताबिक इस वर्ष 13 अक्टूबर तक देश भर में कुल 67377 लोग डेंगू के चपेट में हैं। जिसमें सबसे कर्नाटक में 12756 लोग डेंगू के चपेट में हैं एवं देश के सभी राज्यों को मिलाकर डेंगू के कारण कुल 48 मौतें भी हो चुकी है। इससे अछूता बिहार भी नहीं है। यद्यपि वर्ष 2018 की तुलना में बिहार में भी डेंगू मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुयी है। लेकिन देश के 10 सबसे अधिक डेंगू प्रभावित राज्यों की सूची में बिहार शामिल नहीं है। इस वर्ष 13 अक्टूबर तक बिहार में कुल 1588 डेंगू मरीज मिले हैं। लेकिन अभी तक बिहार में डेंगू से एक भी मौत की पुष्टि नहीं हुयी है।
वर्ष 2018 की तुलना में बढ़े डेंगू मरीज: पिछले वर्ष सितंबर 2018 तक देश भर में कुल 43699 डेंगू के मरीज मिले थे। वहीं इस साल देश भर में 13 अक्टूबर तक कुल 67377 डेंगू मरीज मिले हैं। लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष डेंगू से होने वाली मृत्यु में कमी आई है। वर्ष 2018 में जहाँ डेंगू के कारण कुल 89 मौतें हुयी थी, वहीं इस वर्ष अभी तक डेंगु के कारण 48 मौतें हुयी है।
बिहार में एक भी मौत नहीं: पिछले साल भी बिहार में डेंगू के कारण एक भी मौत नहीं हुयी थी एवं इस साल भी डेंगू के कारण अभी तक एक भी मौत की पुष्टि नहीं हुयी है। हालाँकि वर्ष 2018 में बिहार में डेंगू के केवल 219 मरीज ही मिले थे, जो इस वर्ष बढ़कर 1588 हो गया है। जिसमें सबसे अधिक पटना में 1135 डेंगू मरीज मिले हैं।
बचाव कार्यों में तेजी लाने का प्रयास: राज्य में डेंगू मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी के मद्देनजर बचाव कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रेस रिलीज के अनुसार राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पतालों में एलिजा बेस्ड एनएस1 एवं आईजीएम किट से डेंगू की निःशुल्क जाँच की सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। इस वर्ष अभी तक पटना में डेंगू मरीज सबसे अधिक मिले हैं। इसको ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा मच्छरों के प्रकोप में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है। पिछले दिनों पटना के कंकडबाग, राजेन्द्र नगर एवं पाटलीपुत्र कॉलोनी बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्र थे। इन क्षेत्रों में मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए इंडोर रेसिडुयल स्प्रे(आईआरएस) पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे अभी तक कुल 8671 घरों को आईआरएस से लाभ मिला है। साथ ही विभिन्न माध्यमों से डेंगू पर जागरूकता भी बढ़ायी जा रही है।