दैनिक खोज खबर/छपरा। जय प्रकाश विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. परमेंद्र कुमार बाजपेई ने प्रेस वार्ता में बताया कि शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से शुरू कर दी गई है। शिक्षा मंत्रालय की इस ईआरपी प्रणाली से पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बनेगी। कुलपति ने कहा कि पैट-2024 (PAT-2024) की नामांकन प्रक्रिया भी हाल ही में जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुरूप जल्द ही प्रारंभ की जाएगी। विश्वविद्यालय ने सीबीसीएस सत्र 2026-30 के तहत स्नातक नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें 16 मई से अब तक 25 हजार से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। इस बार छात्रों को एक ही आवेदन में तीन प्रमुख विषयों को चुनने का विकल्प मिला है, जिससे मेधा सूची में चयन की संभावना बढ़ेगी। जिन्होंने एक विषय चुना है, वे पुनः लॉगिन कर दो अन्य विषय जोड़ सकते हैं।

बिहार सरकार के ‘संकल्प-3’ के तहत उन 28 प्रखंडों में 28 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में नामांकन शुरू किया गया है, जहां पहले कोई डिग्री कॉलेज नहीं था। जेपीयू के ये सभी अंगीभूत कॉलेज विशेषकर छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा का अवसर देंगे। इन नए कॉलेजों में शैक्षणिक कार्य 1 जुलाई 2026 से शुरू हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्नातकोत्तर सत्र 2026-28 के लिए आवेदन प्रक्रिया 6 जून से जारी है। यह उनके लिए राहतकारी है जो लंबित परिणामों या विशेष परीक्षाओं के कारण पहले नामांकन नहीं ले सके थे। कुलपति ने बताया कि स्नातक व्यावसायिक पाठ्यक्रम में नामांकन 15 जून से और स्नातकोत्तर व्यावसायिक पाठ्यक्रम में नामांकन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगी।