मढ़ौरा (सारण)। आपसी रंजिश के कारण दो तालाबों में कथित तौर पर जहर डाल दिए जाने से लाखों रुपये की मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। घटना प्रखंड क्षेत्र के पोझी चंवर की है, जहां मंगलवार की सुबह तालाब के पानी पर भारी मात्रा में मरी हुई मछलियां उपलाते पाई गई। पीड़ित मछली पालक भलुई निवासी अखिलेश राय की पत्नी ललिता देवी हैं। उन्होंने बताया कि मत्स्य विभाग के सहयोग से पोझी चंवर में उनके सात तालाबों में मछली पालन का कारोबार चलता है। उनका आरोप है कि सोमवार की रात गांव के ही कुछ लोगों ने आपसी दुश्मनी के चलते उनके दो तालाबों में जहरीला पदार्थ डाल दिया। इस घटना में लगभग 30 लाख रुपये की तैयार मछलियां मर गई हैं। पीड़िता ने गांव के ही रामशरण राय सहित सात लोगों पर इस साजिश का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस और जिला मत्स्य विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही मढ़ौरा अपर थानाध्यक्ष रितेश मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। इसके साथ ही जिला मत्स्य विभाग की एक विशेष टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और पानी व मरी हुई मछलियों के सैंपल जांच के लिए ले गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




Recent Comments