मांझी। मांझी थाना क्षेत्र के ताजपुर बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान का दरवाजा उखाड़ कर अपराधकर्मियों ने नगदी सहित लगभग एक लाख रुपये की मोबाइल चोरी कर ली है। घटना शनिवार की रात की है।उक्त घटना के बाद से ताजपुर बाजार के दुकानदारों में दहशत व्याप्त है। दुकानदारों ने बताया कि कुछ ही फर्लांग दूरी पर स्थित पुलिस पिकेट का भय तक अपराधकर्मियों को नही है। पुलिस की मौजूदगी के बावजूद उक्त बाजार में आपराधिक वारदात होती रहती है। इस बीच रविवार को मुबारकपुर के एक ब्यक्ति की बाइक चोरों ने चुरा ली। तीन दिन पहले भी इसी चौक से एक व्यक्ति की बाइक दिनदहाड़े चोरी कर ली गई थी जिसका पता अभी तक नही लगाया जा सका है।अपराधकर्मियों ने घटना दर घटना को अंजाम देकर अपनी मौजूदगी का अहसास करा दिया है। दुकान में चोरी की घटना के बाद दुकानदार व ड्यूमाईगढ़ निवासी धनंजय गुप्ता द्वारा मांझी थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया है। बाइक चोरी की बढ़ती घटना के सम्बंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक चालको को भी सचेत रहने की आवश्यकता है।