
तरैया, सारण। तरैया विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह बिहार विधानसभा सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक जनक सिंह ने मंगलवार को कोविड-19 के संक्रमण से बचाव हेतु लिए जा रहे टीका का दूसरा डोज लिया। उन्होंने पहला डोज 12 अप्रैल को लिया था और दूसरा डोज 11 मई को इसुआपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिया। उन्होंने दूसरा डोज लेने के बाद पत्रकारों से कहा की आज मैंने टीका का दूसरा डोज भी ले लिया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सभी लोग भी टीका अवश्य लें। यह पूरी तरह से सुरक्षित और प्रभावी है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग गलत तरीके से अफवाह फैला रहे हैं। उस पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। अफवाह फैलाने वाले लोग या तो निरक्षर हैं या अल्प ज्ञानी। चिकित्सक और वैज्ञानिकों द्वारा इसे अवश्य लगाने का बार-बार आग्रह किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के तमाम लोगों से आग्रह किया कि सभी लोग टीका अवश्य लगवाएं और दूसरों को भी टीका लेने के लिए प्रेरित करें। कोरोना को मात देने के लिए हम सब को एक साथ लड़ना होगा। इसके बाद विधायक ने तरैया प्रखंड के उप स्वास्थ्य केंद्र डेवढ़ी व उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरेया बसंत परिसर में लगाए गए टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया और लोगों से अपील किया कि आप सभी तो टीका अवश्य लें। साथ-साथ अपने परिजनों व संपर्क के सभी लोगों को टीका लेने के लिए प्रेरित भी करें। साथ ही टीकाकरण स्थल पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों और कर्मचारियों का उन्होंने आभार व्यक्त किया और कहा कि आप सभी इस विषम परिस्थिति में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से कर रहे हैं। आप सभी प्रशंसा के पात्र हैं। आशा है आगे भी आप लोग मानवता का परिचय देते हुए लोगों की सेवा करेंगे। जब हम सभी लोग मिलकर एक साथ कोरोना गाइड लाइन का पालन करेंगे तो हम जीतेंगे और कोरोना अवश्य पराजित होगा।




Recent Comments