फोटो कैप्शन : 1. बारिश के बाद जर्जर डुमाईगढ़-एकमा सड़क पर हुआ जल जमाव

  1. हाथ उठाकर विरोध प्रदर्शन करते चंदउपुर गांव के ग्रामीण

एक दशक से उपेक्षित है डुमाईगढ़-एकमा सड़क

  • सांसद की घोषणा व विधायक के द्वारा शिलान्यास के बाद भी नहीं हुई सड़क की मरम्मत

एकमा (सारण)। एकमा व मांझी प्रखंड को जोड़ने वाली डुमाईगढ़-एकमा जर्जर सड़क पर झील में तब्दील हुई जर्जर सड़क के विरोध में मंगलवार को चंदउपुर गांव के ग्रामीणों ने अपना जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया।
चंदउपुर निवासी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को अपने गांव के समीप इस जर्जर सड़क के जल जमाव के बीच खड़े होकर सड़क की दुर्दशा से उत्पन्न परेशानियों और जनप्रतिनिधियों की घोर उपेक्षा को बयां किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क डुमाईगढ़ से ताजपुर होकर एकमा के बीच तक कई स्थानों पर टूट कर गड्ढों में तब्दील हो गई है। इन दिनों बारिश के बाद गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने के कारण प्रतिदिन साइकिल व मोटरसाइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
विशेष रूप से पैदल सड़क पार करने के लिए महिलाओं को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सांसद द्वारा घोषणा के बावजूद भी यह सड़क नहीं बन सकी। वहीं प्रथम चरण में ताजपुर से सरयूपार गांव तक सड़क का निर्माण के लिए जनवरी माह में क्षेत्रीय विधायक द्वारा शिलान्यास भी किया गया। लेकिन लगभग चार माह गुजर जाने के बावजूद भी इस सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हो सका है।
इस मौके पर विरोध जताते हुए सुरेंद्र सिंह, रमाकांत सिंह, राम अवतार सिंह, राम उजियार सिंह, श्रीनाथ सिंह, जयनाथ सिंह, हरेंद्र सिंह, जयप्रकाश सिंह, अजय सिंह, राजगृह सिंह, कामता सिंह, बृज किशोर सिंह, पूर्व सैनिक ललन सिंह, श्रीनाथ सिंह आदि ने जनहित में शीघ्र सड़क की दुर्दशा सुधारने की मांग की।