मांझी। मांझी विधान सभा चुनाव में वोटरों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़-चढ़ कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि कुछ जगहों को छोड़ कर दोपहर के पहले अधिकांश बूथों पर मतदाताओं की संख्या कम दिखी। परन्तु दोपहर बाद उनमें इजाफा हुआ और लोग कतार में लग कर लोगों ने मतदान किया। कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर सेनेटाइजर व दस्ताने की व्यवस्था की गई थी। वहीं मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिंग भी की गई। सुरक्षा की अच्छी व्यवस्था थी। बूथों की संख्या बढ़ाये जाने के कारण वोटरों को कोई परेशानी नही हुई। मतदान में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। पहली बार मतदान करने पहुंचे युवक-युवतियों में कुछ अलग उमंग दिखा। असमर्थता के बावजूद कई वृद्ध व दिव्यांग अपने परिजनों के साथ स्थानीय बूथ पर वोट देने पहुंचे। मतदान सुबह सात बजे से आरम्भ हुआ लेकिन कई बूथों पर इवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मतदान कुछ देर से शुरू हुआ। मांझी प्रखंड विकास पदाधिकारी नील कमल व सीओ दिलीप कुमार बीच-बीच में क्षेत्र के बूथों का रिपोर्ट लेते रहे। वहीं मांझी थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा व दाउदपुर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे। दिन भर पेट्रोलिंग पार्टी की गश्ती जारी रही। सारण की एसपी ने भी मांझी थाना क्षेत्र के कई बूथों पर निरीक्षण किया।
मतदाताओं से हुई बात चीत से यह संकेत मिल रहा हैं कि एनडीए की माधवी सिंह महागठबंधन के डॉ सत्येन्द्र तथा निर्दलीय राणा प्रताप उर्फ डब्ल्यु सिंह के बीच त्रिकोणात्मक संघर्ष होना तय है।