मृगांक शेखर सिंह जमुई(बिहार)

निशानेबाजी में ख्याति प्राप्त जमुई की बेटी व गोल्डन गर्ल श्रेयसी सिंह सियासत पर निशाना लगाने की तैयारी की चर्चा जोरों पर है।गोल्डन गर्ल को भारतीय जनता पार्टी और राष्‍ट्रीय जनता दल दोनों पार्टियों से ऑफर मिला है। वे बांका के अमरपुर या जमुई के जमुई विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकतीं हैं।
श्रेयसी सिंह के पिता दिग्विजय का सिंह का देश की राजनीति में बड़ा कद था। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के मित्र होने के बावजूद उन्हें जनता दल यूनाइटेड से बेदखल कर दिया गया था। बावजूद बांका लोकसभा से चुनाव जीतकर उन्होंने राजनीति में एक नया इतिहास रच कर अपने प्रति लोकप्रियता को साबित किया था। मां पुतुल देवी बीजेपी में रहीं।वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने पर पुतुल देवी ने निर्दलीय चुनाव लड़ा, परन्तु हार का सामना करना पड़ा। इसके लिए वे सीधे तौर पर नीतीश कुमार पर ही ठीकरा फोड़ती हैं।इस बातों की टीस परिवार के मन में आज भी है।
सूत्रों की माने तो तेजस्‍वी ने दिया आरजेडी से चुनाव लड़ने का ऑफर जिसकी चर्चा राजनीति के गलियारों से भी आ रही है।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने श्रेयसी सिंह को पार्टी ज्वाइन कर अमरपुर से चुनाव लड़ने का ऑफर भी दे दिया। इसकी व्यापक स्तर पर तैयारी चल रही है। श्रेयसी के बहाने आरजेडी राजपूत वोट को भी साधने की तैयारी कर रही है।चर्चा यह भी है बीजेपी का एक खेमा श्रेयसी सिंह को विधानसभा चुनाव मैदान में उतारने की कोशिश में लगें है। जमुई के सांसद चिराग पासवान भी इससे सहमत हैं। वे श्रेयसी को जमुई विधानसभा से चुनाव लड़ाना चाहते हैं। नीतीश विरोधी होने के कारण चिराग और श्रेयसी की आपस में लगभग सहमति बन चुकी है। जमुई सांसद होने के कारण चिराग पासवान जमुई मुख्यालय की सीट एलजेपी के लिए चाहते थे, लेकिन श्रेयसी के नाम पर सहमति बनने पर उन्होंने जमुई विधानसभा सीट को छोड़कर चकाई पर दावेदारी बढ़ा दी है। यहां चिराग एक तीर से दो निशाना लगाना चाहते हैं। एक तो नरेन्द्र सिंह जैसे बड़े कद के सामने उन्हें श्रेयसी के रूप में एक बड़ा मोहरा मिल जाएगा। दूसरा जमुई में राजपूत वोट बैंक को साधने में भी कामयाब हो जाएंगे।
इधर श्रेयसी के मंसूबे को टटोलने का प्रयास किया गया तो उन्होंने साफ लहजे में कहा कि घोषणा का इंतजार कीजिए। हालांकि, कर्मभूमि होने के नाते वे बांका लोकसभा क्षेत्र नहीं छोड़ना चाहती हैं। वैसे, उन्होंने कहा कि पार्टी जो फैसला करेगी, उसके लिए तैयार हैं।