मांझी(सारण)। मांझी के मखदुमगंज गांव में कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद प्रशासन ने गांव में प्रवेश करने वाले तीनों महत्वपूर्ण गंवई सड़क को सील कर दिया है। मंगलवार की दोपहर सीओ दिलीप कुमार बीडीओ नील कमल तथा थानाध्यक्ष नीरज मिश्रा की उपस्थिति में बंगरा पंचायत के मुखिया जितेंद्र सिंह ने गांव तक जाने वाली तीनों सड़कों को बांस बल्ले से सील करा दिया। तथा ग्रामीणों के बीच मास्क व सेनेटाइजर आदि वितरित किया। मुखिया द्वारा मुहल्ले में ब्लीचिंग पाउडर के घोल का छिड़काव भी कराया गया। इससे पहले गांव के 23 वर्षीय मजदूर का सेम्पल पॉजिटिव पाए जाने के बाद आस पास के गांव के लोगों में दहशत का माहौल कायम हो गया। मिली जानकारी के मुताबिक युवक 22 मई को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से पहले जहानाबाद आया था फिर बस से सिवान के गुठनी स्थित क्वारन्टीन सेंटर में दाखिल कराया गया। हालांकि वह अगले ही दिन वहां से भाग कर अपने रिश्तेदार के घर चला गया। 25 मई को वह अपने गांव पहुंचा। तीन दिनों तक वह अपने दोस्तों के साथ ताड़ी पीने तथा तास खेलने में ब्यस्त रहा। 28 मई को तेज बुखार होने पर दलन सिंह उच्च विद्यालय परिसर स्थित सेंटर पर जांच कराने गया। बाद में संदिग्ध पाए जाने के बाद उसे छपरा तथा फिर पटना रेफर कर दिया गया। वहां हुए सेम्पल जांच में वह कोरोना पॉजिटिव पाया गया। मरीज गुजरात के सूरत में मजदूरी करता था। यहां गांव में उसका पिता भी मजदूरी करता है। पांच बहनों के बीच एकलौता पुत्र होने तथा मजदूरी कर भरण पोषण करने वाला परिवार का एकमात्र सदस्य है। युवक के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद समीप के नरपलिया बाजार की दुकानें धड़ाधड़ बन्द हो गईं। तथा सब्जी मार्केट को भी बन्द करा दिया गया। सोमवार तथा गुरुवार को लगने वाले सब्जी बाजार पर भी संकट मंडराने लगा है।