मृगांक शेखर सिंह जमुई (बिहार)

पुलिस का काम है नागरिकों की सुरक्षा प्रदानकरना लेकिन जमुई में यही रक्षक आम जनो के लिए जानलेवा साबित होते नजर आ रहे हैं। बाइक से जा रहे युवक पर टाउन थाना की पुलिस की दबंगई देखने को मिली।
जमुई न्यू टोला बिहारी निवासी दशरथ सिंह का 22 वर्षीय पुत्र सौरभ सिंह अपने एक दोस्त के साथ हरनाहा स्थित सेंट्रल बैंक से रुपए निकालने जा रहा था। अतिथि पैलेस मोड़ के समीप वाहन चेकिंग कर रहे सदर थाना के अवर निरीक्षक राजेश कुमार ने उक्त बाइक चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन जब तक युवक बाइक रोकता तब तक वहां मौजूद एक जवान बाइक सवार युवक के सिर पर लाठी चला दिया।
सिर पर जोरदार चोट लगने से बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पास खड़े दूसरे वाहन से जा टकराया। इस दुर्घटना में युवक बुरी तरह से घायल हो गया। युवक के घायल होने पर पुलिस जवान उसे उठाकर डॉ. राजेश कुमार के क्लीनिक में भर्ती कराया जहां युवक का प्राथमिक उपचार किया गया।
इधर परिजनों द्वारा पुलिस की दंबगई पर सवाल उठाया गया तो मामले को बिगड़ता देख पुलिस जवानों ने परिजनों से माफी मांगते हुए मामले को शांत कराया।