आर्केस्ट्रा संचालकों व मकान मालिकों के विरुद्ध  प्राथमिकी

दैनिक खोज खबर/एकमा (सारण)। एकमा थाना पुलिस व महिला थाना पुलिस ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए केसरी मठिया बाजार स्थित तीन अलग-अलग आर्केस्ट्रा ग्रुपों पर छापेमारी कर छह नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया। सभी लड़कियां न्यू आर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप, शिवशक्ति आर्केस्ट्रा ग्रुप और मुस्कान आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप से जुड़ी थीं। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते हीं ग्रुप के संचालक एवं मकान मालिक मौके से फरार हो गए। इस संबंध में एकमा थाने में पदस्थापित एसआई ताज महम्मद खां के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें तीनों आर्केस्ट्रा ग्रुप के संचालक व किराए पर मकान देने वाले घर मालिकों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।छापेमारी दल में मिशन मुक्ति फाउंडेशन के डायरेक्टर वीरेंद्र कुमार सिंह, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली के जांच अधिकारी अक्षय कुमार पांडेय, नारायणी सेवा संस्थान छपरा के समन्वयक अखिलेश कुमार सिंह, महिला थानाध्यक्ष महाश्वेता सिन्हा, एएचटीयू प्रभारी विशाल आनंद, महिला सशस्त्र बल की सिपाही नीतू कुमारी, रूमा कुमारी, सपना कुमारी, सरोजिनी कुमारी समेत एकमा थाने के एसआई ताज अहमद खां शामिल थे।छापेमारी के क्रम में पुलिस ने सबसे पहले न्यू आर्केस्ट्रा म्यूजिकल ग्रुप के किराए के मकान में तीन नाबालिग लड़कियों को बरामद किया। इसके बाद शिवशक्ति आर्केस्ट्रा के ठिकाने से एक और मुस्कान आर्केस्ट्रा एंड म्यूजिकल ग्रुप से दो नाबालिग लड़कियों को छुड़ाया गया।बरामद लड़कियों में तीन पटना, एक दिल्ली, एक नेपाल और एक पश्चिम बंगाल की निवासी हैं। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि मकान मालिकों की मिलीभगत से संचालक उन्हें जबरन कार्यक्रमों में ले जाते थे और अश्लील गानों पर नाचने के लिए मजबूर करते थे। विरोध करने पर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।पुलिस ने सभी लड़कियों को सुरक्षित महिला थाना पहुंचा दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में तेजी लाई गई है।